कहां है MBA चाय वाला और वड़ा पाव गर्ल ?

297

कहां है MBA चाय वाला और वड़ा पाव गर्ल ?

डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी

इंदौर में आजकल MBA चाय वाले की दुकान नजर नहीं आ रही है। वड़ा पाव गर्ल के नाम से मशहूर इंदौर की चन्द्रिका दीक्षित भी दूसरे कारणों से, पति से तलाक, दूसरी शादी और अपने झगड़े के वीडियो के कारण चर्चा में ज्यादा हैं। इनके खान पान के ठीयों की चर्चा उसी तरह गायब है, जैसी मटुकनाथ और जूली के ‘अमर प्रेम’ के किस्से!

MBA चायवाला मतलब प्रफुल्ल बिल्लोरे जो अहमदाबाद में एमबीए करने गया था और चाय बेचने लगा। कहानी बहुत वायरल हुई थी। शुरुआती छोटी सी चाय की दुकान तो काफी पहले बंद हो चुकी या शिफ्ट हो गई थी लेकिन पूरा ब्रांड अब डेडपूल्ड माना जा रहा है यानी कंपनी बंद हो चुकी है या पूरी तरह से ऑपरेशनल नहीं रही। Tracxn बिजनेस डेटाबेस में इसे deadpooled दिखाया गया है, और रेवेन्यू भी बहुत कम (2023 में सिर्फ 2 लाख 13 हजार) बताया गया है।

2023 में ही काफी विवाद हुए थे। कई फ्रैंचाइजी होल्डर्स ने आरोप लगाए कि लाखों रुपये की फ्रैंचाइजी फीस देने के बाद घाटा ही घाटा हो रहा था। कई आउटलेट्स घाटे में चलकर बंद हो गए। इंदौर समेत कई शहरों में पुलिस शिकायतें हुईं, ठगी के आरोप लगे। फ्रैंचाइजी मॉडल फेल हो गया और बहुत सारे आउटलेट्स बंद हो चुके हैं। अब कोई नई अपडेट नहीं मिल रही कि ब्रांड बड़े स्तर पर चल रहा हो।

ओवर-प्रॉमिसिंग इस कम्पनी की विफलता का एक मुख्य कारण रहा! फ्रैंचाइजी में बहुत ज्यादा कमाई के वादे किए, लेकिन रियलिटी में लोकेशन, कॉम्पिटिशन, ऑपरेशनल कॉस्ट ज्यादा होने से प्रॉफिट नहीं हुआ। स्केलिंग गलत हुआ। बहुत तेजी से फ्रैंचाइजी दी गई। सैकड़ों आउटलेट्स खुलवा दिए गये, लेकिन क्वालिटी कंट्रोल, सपोर्ट, मार्केटिंग कमजोर रही।
विवाद और नेगेटिव पब्लिसिटी गले पड़ गई। ठगी के आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से ब्रांड इमेज खराब हुई, नए कस्टमर/फ्रैंचाइजी दूर हो गये।

मार्केट में सैचुरेशन तो है ही। यूनिक सेलिंग पॉइंट सिर्फ वायरल स्टोरी था, जो लंबे समय तक नहीं चला।अब ज्यादातर दुकानें बंद हो चुकी हैं, ब्रांड का बड़ा ऑपरेशन नहीं बचा।
प्रफुल्ल बिल्लोरे अब स्पीकिंग/मोटिवेशनल इवेंट्स में दिखते हैं, लेकिन चाय का बिजनेस बड़े पैमाने पर नहीं चल रहा।
इसी तरह से वायरल वडा पाव गर्ल यानी चन्द्रिका दीक्षित भी बिजनेस के मामले में पटरी से उतर चुकी हैं। वो दिल्ली की स्ट्रीट फूड सेलर थीं, जिनका वडा पाव बेचते हुए वीडियो वायरल हुआ, फिर बिग बॉस OTT 3 में पार्टिसिपेट किया और अब सोशल मीडिया पर उनके पर्सनल लाइफ के ड्रामे वायरल हो रहे हैं। दिल्ली के फ़ूड ब्लॉगर्स ने उनमें ग्लैमर का तड़का मारा था, पर उस तड़के की ताजगी सीमित थी। अब वायरल वडा पाव गर्ल काफी ड्रामेटिक और विवादास्पद चल रही है।

हाल ही में चंद्रिका ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल वीडियो पोस्ट किए, जहां वो रोते-चीखते हुए पति युगम पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर यानी बेवफाई का आरोप लगा रही थीं। उन्होंने चैट्स, फोटोज और स्क्रीनशॉट्स शेयर किए, दावा किया कि युगम दूसरी औरतों के साथ हैं, और वो 2-5 महीने से ये सब सह रही हैं। युगम ने भी काउंटर वीडियो डाले, गलती मानी लेकिन कहा कि इतनी बड़ी नहीं, और चंद्रिका पर भी आरोप लगाए।

विवाद के कुछ दिनों बाद चंद्रिका ने एक मिस्ट्री मैन के साथ रोमांटिक फोटोज/वीडियोज पोस्ट किए। ब्राइडल लुक में फोटोज के साथ कैप्शन में फाइनली शब्द लिखा, जिससे लगा कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली। मिस्ट्री मैन ने भी वीडियो में युगम को धमकी दी। लेकिन कई रिपोर्ट्स में इसे फेक/स्टंट बताया गया और लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट कह रहे हैं।

धर्म बदलने की अफवाहें भी रही हैं। एक वीडियो में चन्द्रिका हिजाब पहनकर मुबारकबाद देते दिखीं, जिससे लोग बोले कि उन्होंने इस्लाम कन्वर्ट कर लिया। चंद्रिका ने सफाई दी कि वो सभी धर्मों का सम्मान करती हैं, और किसी को सिखाने की जरूरत नहीं कि धर्म कैसे मानें। उन्होंने कहा, “मैं कल ब्राह्मण थी, आज…” जैसी बातें कही लेकिन कन्फर्म नहीं किया कि बदला है। कोई ऑफिशियल डिवोर्स या शादी कन्फर्म नहीं हुई। हो भी तो क्या?

कोई वड़ा पाव बेचे या चाय, कचौरी बेचे या मोमोज़, पोहे बेचे या चाट, सैंडविच बेचे या रसगुल्ला – ये सब बहुत सीरियस बिजनेस हैं। इसके लिए बहुत कड़ी मेहनत और डेडिकेशन की ज़रूरत पड़ती है।
इंदौर में खाने-पीने का सामान बेचनेवाली 80 प्रतिशत दुकानें पहली सालगिरह भी नहीं मना पातीं।

इंदौर में अपना स्वीट्स हो या गुरु कृपा, टिंकू हो या मधुरम, प्रशांत हो या जोशी, जॉनी हो या लाल बाल्टी, विजय हो या विजयश्री, नफीस हो भंवरीलाल, श्रीमाया हो या सयाजी – इन सबके पीछे पीढ़ियों का परिश्रम और संघर्ष लगा है। हर एक बार, हर एक ग्राहक को पूरी तरह संतुष्ट करना पड़ता है। जरा चूके कि ग्राहक छूटा।
सबक यही है कि हवा हवाई बातों से आप वायरल हो सकते हैं, बिजनेस नहीं चल सकता।a