कांग्रेस का दावा- टेलेंट सर्च में आए डेढ़ हजार आवेदन, प्रदेश से लेकर जिलों तक बनेगी प्रवक्ताओं की टीम

102

कांग्रेस का दावा- टेलेंट सर्च में आए डेढ़ हजार आवेदन, प्रदेश से लेकर जिलों तक बनेगी प्रवक्ताओं की टीम

भोपाल:प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया है कि प्रदेश से लेकर जिलों तक में प्रवक्ता बनाए जाने के लिए चल रहे टेलेंट सर्च में डेढ़ हजार के लगभग आवेदन कार्यालय में आ चुके हैं। हालांकि इस दावे के बाद भी कांग्रेस ने टेलेंट सर्च के आवेदन मांगे जाने के लिए सात दिन का और समय दे दिया है। पहले 28 फरवरी तक आवेदन लिए जाने थे, इसके बाद यह तय किया गया कि अब सात मार्च तक आवेदन लिए जाएंगे। कांग्रेस टेलेंट सर्च के जरिए इनमें प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश पैनलिस्ट, जिला एवं संभाग प्रवक्ता, राष्ट्रीय पैनलिस्ट और रिसर्च टीम बनाने जा रही है।

मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के अनुसार प्रदेश के हर जिले से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो यह संकेत देता है कि संगठन के भीतर मीडिया और वैचारिक मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभाने की रुचि बढ़ी है। आवेदन करने वालों में वकील, डॉक्टर, आईआईटी पास आउट करने वाले भी शामिल हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस ने लगभग एक महीने पहले प्रवक्ताओं की पुरानी टीम को भंग कर दिया था। इसके बाद से नई टीम के गठन को लेकर चचार्ए तेज थी।

*पिछले बार आए थे एक सैकड़ा आवेदन*

बताया जाता है कि पूर्व में हुए प्रवक्ताओं के टेलेंट सर्च में बहुत ज्यादा आवेदन नहीं आए थे। नायक ने बताया कि पूर्व में हुए टेलेंट सर्च में सौ-डेढ़ सौ तक ही आवेदन आते थे, लेकिन इस बार ज्यादा लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में कांग्रेस की आवाज बनने का मन बना है।