भोपाल में भांग की ठंडाई पीकर दोस्तों के साथ डांस कर रहे असिस्टेंट प्रोफेसर की हुई मौत,शुरूआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका

212

भोपाल में भांग की ठंडाई पीकर दोस्तों के साथ डांस कर रहे असिस्टेंट प्रोफेसर की हुई मौत,शुरूआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होली की खुशियों के बीच एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ ऐशबाग थाना इलाके में दोस्तों के साथ होली मना रहे एक निजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक भांग की ठंडाई का सेवन कर नाच रहा था और इसी दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि भांग के अधिक सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। पुलिस हार्ट अटैक की आशंका जता रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है।

राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में होली का त्यौहार एक परिवार के लिए उम्र भर का दर्द दे गया। 25 वर्षीय कृष्णा नायक, जो एक प्राइवेट कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे, बुधवार को अपने दोस्तों के साथ पूरे उत्साह से होली खेल रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि रंग-गुलाल के बीच नाचते-गाते कृष्णा की यह आखिरी होली होगी।

भांग के ओवरडोज का आरोप

घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कृष्णा ने अपने दोस्तों के साथ ठंडाई पी थी, जिसमें कथित तौर पर एक लीटर दूध में 6 गोली भांग मिलाई गई थी। भांग का सेवन करने के बाद कृष्णा काफी देर तक डीजे की धुन पर नाचते रहे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाचते-नाचते कृष्णा अचानक असहज महसूस करने लगे और पास ही स्थित एक दोस्त के कमरे में जाकर लेट गए। कुछ ही देर बाद जब दोस्त उन्हें देखने पहुँचे, तो वे बेसुध मिले। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत से दोस्तों और परिवार में कोहराम मच गया।