
Government Suspends SDO: सांभर को पोहा खिलाते वीडियो वायरल होने पर SDO निलंबित
भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना रेंज में पदस्थ वन विभाग के सब डिविजनल ऑफिसर (SDO) विनोद वर्मा को एक सांभर हिरण को अपना पोहा खिलाते और पालतू जानवर की तरह व्यवहार करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना वन क्षेत्र में एक सांभर को पोहा खिलाने का वीडियो वायरल हो गया, जो खुद SDO फॉरेस्ट ने पोस्ट किया था। वह सांभर हिरण को रेस्क्यू करके लाए थे।

वीडियो में दिख रहा है कि SDO जंगल में बैठकर पोहा खा रहे हैं और उन्होंने सांभर यानी जंगली हिरण को भी पोहा खिलाया। इस दौरान वह सांभर को दुलारते दिख रहे हैं। वन्यजीवी विशेषज्ञ अजय दुबे बताते हैं कि आम लोगों के छूने से वन्य जीव बीमार भी हो सकते हैं। या फिर ऐसा भी हो जाता है कि अगर वह इंसानों का भोजन खा लें तो उन्हें लत लग जाए, जिसके लिए वह रहवासी इलाकों तक पीछा करते पहुंच जाएं, जो इनकी जान को खतरा बन सकता है।
इनका कहना है
” आम लोगों के लिए सोशल मीडिया पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणियों की फोटो डालने पर प्रतिबंध, लेकिन अधिकारी सांभर को दुलारते हुए खिलाने की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. इसके अलावा जब वन्यजीव अधिनियम के तहत जंगल के जानवरों को किसी भी प्रकार का भोजन देने और नजदीक जाने पर रोक है तो अधिकारियों को इससे छूट क्यों दी जा रही है? अधिकारी के इस कृत्य से जंगली जानवर को बीमारी का खतरा उत्पन्न हो गया है.”
अजय दुबे, वन्य प्राणी विशेषज्ञ





