इकलौते बेटे की आंखें दान कर परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल

123

इकलौते बेटे की आंखें दान कर परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल

खरगोन। भुसावल–चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक शेयर कारोबारी समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

पहला हादसा गुरुवार अलसुबह मेनगांव थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के समीप हुआ, जहां एक कार और पिकअप वाहन में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह पिचक गई।

IMG 20260306 WA0014

हादसे में 23 वर्षीय विजय गोयल, निवासी अवनि ग्राम कॉलोनी, खरगोन की मौके पर ही मौत हो गई। विजय शेयर मार्केट का कारोबार करता था और अपने एक मित्र को छोड़कर लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। वह कार में बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सरियों की मदद से कार के चेसिस को काटकर उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की सहमति से विजय की आंखें दान की गईं, जिससे शोक की घड़ी में भी परिवार ने मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

हादसे में पिकअप चालक कैलाश को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसका जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में उपचार जारी है।

दूसरा हादसा बुधवार देर रात बिस्टान थाना क्षेत्र में ग्राम पिपरखेड़ के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक वाहन के चालक विष्णु (17), निवासी महू मंडली और दूसरे वाहन के चालक आकाश गोखले निवासी राजनगर, खरगोन की मौत हो गई।

घटना में आकाश के साथ बैठे दो अन्य घायल हुए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन नाबालिग भी घायल हो गए। विष्णु के साथ बैठे छोटू उर्फ समीर की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है। आकाश और आशीष का जिला अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।

दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर हादसों की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।