
4 धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल को रवाना होगा पहला जत्था
देहरादून: चार धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए है। गंगोत्री (Gangotri), यमुनोत्री (Yamunotri), केदारनाथ (Kedarnath) और बद्रीनाथ धाम (Badrinath) की यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है।
पर्यटन विभाग की वेबसाइट और एप से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सुबह 7 बजे से श्रद्धालु वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

उत्तराखंड पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। यात्रा की शुरुआत के साथ ही अलग-अलग तिथियों पर धामों के कपाट भी खुलेंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खोले जाएंगे। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।
वहीं रजिस्ट्रेशन पर प्रशासन का कहना है कि इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा और सुरक्षा व सुविधाओं को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा। पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए भारतीय श्रद्धालुओं को आधार कार्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। वहीं विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण करने की व्यवस्था की गई है।
*17 अप्रैल से शुरू होंगे ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन*
इसके अलावा, जो श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाएंगे, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में विशेष पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।





