Lokayukta Trap: 5 हजार की रिश्वत लेते BRC और सब इंजीनियर लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

451

Lokayukta Trap: 5 हजार की रिश्वत लेते BRC और सब इंजीनियर लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के निवाली तहसील में बालिका शौचालय मरम्मत की राशि में से अपना हिस्सा मांगने वाले BRC और सब इंजीनियर के विरुद्ध 5000 रु की रिश्वत मांगने को लेकर आज प्रकरण दर्ज किया गया है।

लोकायुक्त पुलिस इंदौर के एसपी राजेश सहाय ने बताया कि डीएसपी सुनील तालान की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए जनपद शिक्षा केंद्र निवाली, जिला बड़वानी में पदस्थ विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) और सब इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि आवेदक जितेंद्र सोनी, जो शासकीय प्राथमिक विद्यालय खत्री फलिया-पिपलधार में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में पदस्थ हैं, ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि स्कूल में बालिका शौचालय मरम्मत के लिए 20 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन तकनीकी कारणों से राशि का आहरण नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने निजी खर्च से काम पूरा करा लिया।

जब कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जमा करने की बारी आई, तब संबंधित अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई। आरोपी सब इंजीनियर अश्विन डागर और BRC महेंद्र सिंह राठौर ने मिलकर 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

बुधवार को BRC राठौर ने आवेदक को राजपुर स्थित एसबीआई एटीएम के पास बुलाया। जैसे ही उसने 5 हजार रुपए की रिश्वत ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद रेस्ट हाउस राजपुर में आगे की कार्रवाई की गई।

लोकायुक्त SP ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।