
Demand for Special Passenger Train Operation : ग्रीष्मकाल में बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए विशेष पैसेंजर ट्रेन चलाने डीआरएम को लिखा पत्र!
Ratlam : ग्रीष्मकाल के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रतलाम-चंद्रावतीगंज मार्ग से नीमच से डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर) तक विशेष ग्रीष्मकालीन पैसेंजर ट्रेन संचालित किए जाने की मांग उठी है। इसे लेकर पश्चिम रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य दिलीप पाटनी ने महाप्रबंधक, पश्चिम रेलवे एवं रतलाम रेल मंडल प्रबंधक को पत्र लिखकर यात्रियों के हित में शीध्र निर्णय लेने का आग्रह किया है जिससे यात्रियों को लाभ मिलें। पाटनी ने पत्र में उल्लेख किया कि रतलाम जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशन से चंद्रावतीगंज होते हुए इंदौर के लिए ग्रीष्मकाल में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। वर्तमान में संचालित डेमू ट्रेन सेवाएं इस बढ़ते दबाव के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सुझाव दिया कि नीमच से प्रातःकाल विशेष ग्रीष्मकालीन पैसेंजर ट्रेन चलाई जाए जो सुबह 7:30 बजे रतलाम पहुंचे तथा लगभग 10:00 बजे इंदौर पहुंचे। इसी प्रकार वापसी में यह ट्रेन इंदौर से शाम करीब 6:00 बजे रवाना होकर चंद्रावतीगंज होते हुए रतलाम पहुंचे।
पाटनी ने यह भी बताया कि डेमू रेक की लंबे समय से कमी बनी हुई है, इसलिए इस प्रस्तावित विशेष ट्रेन का संचालन आईसीएफ कोच के माध्यम से किया जाना अधिक व्यावहारिक रहेगा, क्योंकि पश्चिम रेलवे के पास इन कोचों की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने शीघ्र ही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की है!





