सिंहस्थ 2028: संभागायुक्त आशीष सिंह ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखी

108

सिंहस्थ 2028: संभागायुक्त आशीष सिंह ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखी

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रचलित निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण के तहत बुधवार को सुबह संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने विभिन्न सड़क निर्माण व मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की क्वालिटी देखी और संबंधित एजेंसी को निर्माण सामग्री में गुणवत्ता का ध्यान रखने के साथ कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

IMG 20260325 WA0144

संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान सबसे पहले सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित जीवन खेड़ी से सिकंदरी तक सड़क निर्माण कार्य की स्थिति देखी। इस दौरान निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। मौके पर जानकारी दी गई कि जीवनखेड़ी से सिकंदरी तक 3.2 किलोमीटर लंबे और 30 मीटर चौड़ाई के नवीन सड़क निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। सड़क निर्माण में डीएसबी का कार्य किया गया है।

संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य की जीआई मैपिंग कर सेंट्रल लाइन के साथ कार्य प्रारंभ करने के साथ ही मुआवजा प्रकरण का निराकरण जल्दी करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण एजेंसी से कार्य निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

IMG 20260325 WA0139

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ सिंहस्थ के अंतर्गत उज्‍जैन स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे कार्य महाकाल पार्किंग से 24 खंबा मंदिर तक 24 मीटर मार्ग निर्माण, भारत माता मंदिर से अहिल्याबाई पार्किंग तक मार्ग निर्माण और 24 खंबा माता मंदिर से छोटा रूद्रसागर तक 650 मीटर लंबाई के मार्ग के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

रहवासी और पार्षद प्रतिनिधि ने कहा हमने अपने हाथ से तोड़ा निर्माण, शहर विकास में हमारा सहयोग

संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने गदा पुलिया से रविशंकर नगर, लालपुल तक निर्माणाधीन 1.387 किलोमीटर लंबी व 24 मीटर चौड़े मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैदल भ्रमण के दौरान जयसिंहपुरा क्षेत्र में स्थानीय रहवासियों व वार्ड 48 के पार्षद प्रतिनिधि गोपाल अग्रवाल ने कहा कि शहर विकास के लिए मार्ग चौड़ीकरण कार्य में सहयोग करते हुए स्वयं ही अपना पुस्तैनी मकान अपने हाथों से तोड़कर सहयोग कर रहे है। श्री अग्रवाल ने कहा कि आने वाले सिंहस्थ महापर्व के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उज्‍जैन शहर में विकास की सौगात दी गई है। विश्व हिंदू स्तरीय सिंहस्थ आयोजन के लिए विकास कार्यों में क्षेत्र के रहवासी पूरी तरह सहयोग करते हुए अधिकतर मकान स्वयं ने ही तोड़ लिए है। रहवासियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दुनिया देखे हमारे उज्‍जैन की गरिमा, संस्कृति, सम्मान को। हमारा पूरा सहयोग प्रशासन को है। संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने स्थानीय रहवासियों द्वारा किए जा रहे सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि उज्‍जैन विकास के लिए हमें पूरे उज्‍जैन वासियों का सहयोग मिल रहा है। उज्‍जैनवासियों के सहयोग के लिए धन्यवाद। साथ ही संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रहवासियों को कार्य के दौरान जल भराव, पेयजल जैसी परेशानी नही हो इसका भी ध्यान रखा जाए। निर्माणाधीन चौड़ीकरण मार्ग शिप्रा नदी और महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए प्रमुख मार्ग होने से कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

 

*संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने किया महाकाल वॉक*

सिंहस्थ 2028 के प्रचलित कार्यों के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने हरसिद्धि की पाल वाले मार्ग से महाकाल मंदिर जाने वाले प्राचीन द्वार, 24 खंबा माता मंदिर मार्ग, महाकाल घाटी, नया महाकाल थाना, पार्किंग स्थल, भारत माता मंदिर मार्ग से होकर महाकाल मंदिर के प्रशासनिक भवन तक पैदल भ्रमण करते हुए महाकाल दर्शन वाले मार्ग का निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री सिंह ने महाकाल मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं की महाकाल दर्शन व्यवस्था को देखने के साथ ही मंदिर के पुजारी, पुरोहितों से दर्शन व्यवस्था पर चर्चा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि भगवान महाकाल विश्व भर से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के मंदिर तक पहुंचने और भगवान महाकाल के सहजता से दर्शन हो इसके लिए भी प्लान तैयार किया जाए।