सुरक्षा से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी : पावर ट्रांसमिशन एमडी श्री सुनील तिवारी

एमपी ट्रांसको की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न 

71

सुरक्षा से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी : पावर ट्रांसमिशन एमडी श्री सुनील तिवारी

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट 

मंदसौर । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) मुख्यालय जबलपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बुधवार को सम्पन्न समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा मानकों से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन कार्यों में “जीरो एक्सीडेंट” लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। फील्ड में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा कंपनी की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों से चर्चा हुई और संबंधित विषयों पर उपयोगी विमर्श किया गया ।

 

एमडी श्री तिवारी ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि मेंटेनेंस अथवा अन्य कार्यों के दौरान सुरक्षा में कमी या अनदेखी के कारण हुई किसी भी दुर्घटना पर अब संबंधित फील्ड अधिकारी के साथ-साथ कार्य कराने वाले जिम्मेदार अधिकारी एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कंपनी द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने जैसी कड़ी कार्यवाही भी की जाएगी।

आपने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गति से अधिक महत्व सुरक्षा को दिया जाए और हर स्तर पर सतर्कता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए क्योंकि आने वाले ग्रीष्मकालीन माह में अतिरिक्त मांग रहेगी और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी अधिक रहे ।