Khargone News: रिजल्ट खराब आने के बाद चक्का जाम कर रही कक्षा 11 की छात्राओं ने कहा कि हमें ‘ट्विंकल ट्विंकल लिटिल स्टार’ पढ़ाया गया

66

Khargone News: रिजल्ट खराब आने के बाद चक्का जाम कर रही कक्षा 11 की छात्राओं ने कहा कि हमें ‘ट्विंकल ट्विंकल लिटिल स्टार’ पढ़ाया गया

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़ूद–खरगोन मार्ग पर गुरुवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्राओं ने खराब परीक्षा परिणाम और स्कूल में कथित अनियमितताओं के विरोध में चक्का जाम कर दिया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान पढ़ाई ठीक से नहीं कराई गई, जिसके कारण बड़ी संख्या में छात्राएं विशेषकर अंग्रेजी विषय में असफल रहीं। उन्होंने कहा कि इंग्लिश टीचर द्वारा कक्षा 11 में उन्हें ट्विंकल ट्विंकल लिटिल स्टार पढ़ाया गया।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने बताया कि अंग्रेजी का पाठ्यक्रम पूरा नहीं कराया गया, जबकि भौतिकी और रसायन शास्त्र के कई अध्याय भी अधूरे छोड़ दिए गए। छात्राओं का कहना था कि नियमित पढ़ाई के बजाय कई बार उन्हें “ट्विंकल ट्विंकल लिटिल स्टार” जैसी प्राथमिक स्तर की कविता सुनाने के लिए कहा जाता था। उन्होंने पूछा क्या इस कविता को लिख देने से कक्षा ग्यारहवीं में हम पास हो जाते।

छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव रहा। गर्मी के मौसम में पानी के कूलर और पंखे अधिकांश समय बंद रहे। परीक्षा के दौरान भी अनियमितताएं बरती गईं। छात्राओं के अनुसार, एक चपरासी को कक्ष निरीक्षक (इनविजिलेटर) की जिम्मेदारी दी गई और नकल को भी अनदेखा किया गया। इस संबंध में छात्राओं ने लिखित शिकायत भी प्रशासन को सौंपी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। जिला कलेक्टर भावना मित्तल के निर्देश पर आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त इकबाल आदिल, ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भौतिकी के अतिथि शिक्षक सुधांशु कुमरावत और रसायन शास्त्र की अतिथि शिक्षिका अमृता कुशवाहा की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक उत्तम कुमार वास्कले और प्रभारी प्राचार्य सुनीता सोनी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इस संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

वहीं, प्रभारी प्राचार्य सुनीता सोनी ने स्कूल के परिणामों का बचाव करते हुए कहा कि अन्य संस्थानों की तुलना में उनका परिणाम बेहतर है। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी में 46 प्रतिशत, भौतिकी में 87 प्रतिशत और रसायन शास्त्र में 73 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं।

इधर, सहायक आयुक्त इकबाल आदिल ने “ट्विंकल ट्विंकल” पढ़ाने के आरोप पर कहा कि यह कभी-कभी कक्षा का माहौल हल्का करने के लिए किया गया होगा। कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि छात्राओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन ले लिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर सप्लीमेंट्री की तैयारी के लिए अन्य स्कूलों के अंग्रेजी शिक्षकों से विशेष कक्षाएं भी आयोजित कराई जाएंगी।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नियमित प्राचार्य की नियुक्ति कर स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।