
कांग्रेस में उठी मांग- विंध्य से ब्राह्मण नेता को भेजो राज्यसभा, PCC चीफ जीतू और नेता प्रतिपक्ष उमंग को दिया ज्ञापन
भोपाल. प्रदेश कांग्रेस के भीतर अब यह मांग उठने लगी है कि विंध्य क्षेत्र के किसी ब्राह्मण नेता को राज्यसभा में भेजा जाए। प्रदेश में जल्द ही राज्यसभा की तीन सीटों के लिए सदस्य चुने जाने हैं। इसमें एक सदस्य कांग्रेस की ओर से चुने जाने की संभावना है।
इस एक सीट पर अब विंध्य क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि किसी ब्राह्मण नेता को राज्यसभा भेजा जाए।
ज्ञापन देने वालों ने दावा किया है कि जब ब्राह्मण नेता को हिस्सेदारी मिलेगी तभी ही रीवा संभाग में कांग्रेस मजबूत होगी। दोनों नेताओं को ज्ञापन देने के लिए रीवा, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली, सतना और मैहर जिले के नेता भोपाल आए हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता विनोद शर्मा, गिरिजेश कुमार पांडेय, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, वरुण द्विवेदी, मधु शर्मा, रामअशोक शर्मा आदि ने ज्ञापन ने लिखा है कि राहुल गांधी की भी मंशा रही है कि जिसकी जितनी संख्या उसकी उतनी हिस्सेदारी, इस आधार पर यहां से ब्राह्मण नेता को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए।




