अवैध रूप से वाहन में गौवंश ले जाने वालों को रोकने पर युवक की हत्या का प्रयास करने वाले फरार 2 आरोपी गिरफ्तार!

50

अवैध रूप से वाहन में गौवंश ले जाने वालों को रोकने पर युवक की हत्या का प्रयास करने वाले फरार 2 आरोपी गिरफ्तार!

Ratlam : जिले की थाना ताल पुलिस को अवैध गौवंश को ले जाने के दौरान ग्रामीण को टक्कर मारकर हत्या का प्रयास करने वाले फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। जिले के ताल थाना क्षेत्र में ग्राम कोटड़ी में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि 1 बोलेरो पिकअप वाहन MP 09 GG 5259 में गौवंश को अवैध रूप से वध हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस एवं ग्रामीणों द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। इसी दौरान पिकअप ड्राइवर ने ग्राम कोटड़ी निवासी पप्पूसिंह को टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं थीं तथा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर गौवंश एवं बोलेरो छोड़कर फरार हो गए थे। मामले में जिले की ताल थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 4, 6, 9 गौवंश प्रतिषेध अधिनियम, धारा 4, 6, 10 मप्र कृषि उपयोगी पशु संरक्षण अधिनियम, धारा 11(1)(डी) पशु क्रूरता अधिनियम एवं धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।

 

मामले में एसपी अमित कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी स्वराज डाबी के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। आसूचना संकलन एवं ई-रक्षक एप की सहायता से आरोपियों की पहचान कर आरोपी नारायण (26) पिता शंकरलाल निवासी नयापुरा कानवन जिला धार, राधेश्याम (23) पिता गोवर्धन निवासी खंडीगरा थाना कानवन को गिरफ्तार करते हुए 3 बैल एवं 3 केड़े, पायलेटिंग कार अल्टो (MP 09 WC 9680) को जब्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया तथा प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी स्वराज डाबी, उप-निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, राहुल एवं सैनिक दौलत सिंह की सराहनीय भूमिका रही!