समृद्धि के शिखर पर भाजपा…

67

समृद्धि के शिखर पर भाजपा…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

बीसवीं सदी के आठवें दशक में अपनी राजनैतिक यात्रा शुरू करने वाली भारतीय जनता पार्टी इक्कीसवीं सदी के तीसरे दशक में समृद्धि के शिखर पर पहुंच गई है। 6 अप्रैल 2026 को मध्यप्रदेश में भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वाजारोहण कर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं 3 जिलों में कार्यारंभ होना इसका जीता जागता उदाहरण है। कभी चना खाकर पार्टी को मजबूत करने में जुटे भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं ने समृद्धि और संपन्नता की ऐसी कल्पना शायद ही की होगी। भारतीय जनता पार्टी को संगठनात्मक तौर पर समृद्ध बनाने में यदि मध्य प्रदेश सबसे आगे रहा है तो समृद्धि के पर्याय के रूप में भी मध्यप्रदेश को सबसे आगे माना जा सकता है। मध्य प्रदेश का नवनिर्मित प्रदेश कार्यालय पूरे देश में भव्यतम नजर आने वाला है तो प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा कार्यालय के भवन समृद्धि के संवाहक बनेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वाजारोहण कर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं 3 जिलों में कार्यारंभ कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस बहुत ही उत्साह और उमंग वाला दिन है। भाजपा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। भारतीय जनता पार्टी की यात्रा हमारे लिए केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। साम्यवाद और पूंजीवाद के बीच भाजपा ने राष्ट्रहित की राह को चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हमारे आदर्श, हमारे लक्ष्य, हमारे कार्य करने का तरीका और हमारी सोच सब राष्ट्रवाद पर आधारित हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 6 अप्रैल पार्टी का केवल स्थापना दिवस नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और संकल्प का उत्सव है। आज पार्टी के जिन जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया है, अलगे वर्ष यानी वर्ष 2027 में स्थापना दिवस पर उन सभी जिला कार्यालयों का लोकार्पण किया जाएगा। जनसंघ की स्थापना के समय वर्ष 1952 में हमारी पार्टी की जो विचारधारा थी, उसमें आज तक कोई परिवर्तन नहीं आया है, इसलिए विश्व का सबसे बड़ी राजनैतिक दल बन गई है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा का सफर वर्ष 1980 से शुरू हुआ और 2026 तक जो विकास की यात्रा हम लोगों ने आगे बढ़ाई आज वह देश-दुनिया के लिए एक प्रेरणादायी बन गई है। आज हमारा देश और हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारी कूटनीति और राजनीति इतनी सुदृढ़ है कि विश्वभर में इसकी हलचल महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है। हमारी सरकार ने मध्यप्रदेश के साथ देशभर में महंगाई और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखा है।

हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि हमारे 62 संगठनात्मक जिले हैं और इन 62 जिले में 7 ग्रामीण जिले हैं और 55 हमारे शहरी जिले हैं। आज स्थापना दिवस पर 14 जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया है, तीन जिलों आगर, मंदसौर और रतलाम के जिला कार्यालयों का कार्य प्रारंभ हुआ है। वर्ष 2027 के स्थापना दिवस पर इन 14 जिलों सहित प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों में अपना कार्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। भाजपा के सभी जिलों के कार्यालयों को और आधुनिक बनाया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि सोलर के द्वारा पर्यावरण की भी हम रक्षा करें। भाजपा का कार्यकर्ता ही उसकी पूंजी होती है। हर व्यक्ति कार्यकर्ता है, आज किसी के पास दायित्व है कल किसी के पास रहेगा, लेकिन हममे कार्यकर्ता का भाव हमेशा बना रहना चाहिए।

भाजपा नेताओं की नजर में यही माना जा सकता है कि विचारधारा और दूरगामी सोच के साथ भाजपा की यह यात्रा सम्पन्न हुई है। वहीं,भाजपा की समृद्धि पर विपक्ष की राय निश्चित तौर पर नकारात्मक ही होगी। पर यही कहा जा सकता है कि समृद्धि के शिखर पर पहुंची भाजपा अपने परफॉर्मेंस के प्रति सकारात्मक भाव के साथ सत्ता में रहने के नए कीर्तिमान बनाती जा रही है। और ऐसा लगता है कि विपक्ष के सामने सत्तारूढ़ भाजपा की समृद्धि देखने के अलावा कोई चारा नहीं है…।

 

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।