मंदसौर की हॉकी खिलाड़ी शालिनी का इंडिया कैंप में चयन

7 मई को नैशनल टीम कैम्प में शामिल होगी 

201

मंदसौर की हॉकी खिलाड़ी शालिनी का इंडिया कैंप में चयन

मन्दसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट 

मंदसौर / जिले के लिए गौरव का क्षण है कि प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी शालिनी सिंह का चयन सब जूनियर एशिया कप की तैयारी हेतु आयोजित इंडिया कैंप के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। डिस्ट्रिक हॉकी एसोसिएशन के कोच का कड़ा प्रशिक्षण रंग लाया जब मंदसौर से एक बार फिर शालिनी सिंह सब जुनियर नेशनल हॉकी टीम में सिलेक्ट हुई।

मंदसौर जिले से लगातार पुरुष वर्ग में महिला वर्ग में नेशनल इंटरनेशनल स्तर तक खिलाड़ी सिलेक्ट हो रहे हैं ।

 

जिला खेल अधिकारी श्री विजेंद्र देवड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में झारखंड में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया, जिसमें शालिनी सिंह ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

 

शालिनी ने हॉकी की शुरुआत कक्षा 5 वीं में विद्यालय स्तर से की थी। उनकी लगन और प्रतिभा के चलते अब उनका चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ है, जिसमें वे आगामी 7 मई को शामिल होंगी।

 

उन्होंने आगे बताया कि शालिनी मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित हॉकी फीडर सेंटर एवं केंद्र सरकार के खेलो इंडिया सेंटर मंदसौर की नियमित खिलाड़ी रही हैं। यहां से उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन मध्य प्रदेश शासन की प्रतिष्ठित हॉकी अकादमी ग्वालियर में हुआ।

शालिनी को खेल की प्रेरणा उनके पिता श्री किशोर सिंह से मिली, जो स्वयं भी एक उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल विभाग सहित जिलेवासियों में हर्ष का माहौल है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।