
Samrat Choudhry BJP: बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे
पटना: Samrat Choudhry BJP: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। वे आज दोबारा विधायक दल के नेता चुने गए।
बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ही होंगे। तमाम अटकलों को सही साबित करते हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दोबारा विधायक दल का नेता चुना लिया गया है। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। अब विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए के विधायकों की संयुक्त बैठक में भाजपा के नेता सम्राट चौधरी के नाम का अनुमोदन होगा, जिसके बाद वो राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

सम्राट चौधरी की अगुवाई में नई सरकार बुधवार की सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में शपथ लेगी। राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा कल शाम ही शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था को लेकर सम्राट से मिलने उनके आवास गए थे।
इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने लगभग सवा 3 बजे राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा। इससे पहले उन्होंने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट की बैठक की। एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नया नेता सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में बीजेपी की अगुवाई में एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें सीमित संख्या में पांच घटक दलों के मंत्री शपथ लेंगे। समारोह में दिल्ली से भाजपा और एनडीए दलों के बड़े नेता आ सकते हैं।





