
Gang Rape: इंदौर के पास महू में एक बार फिर सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात, कॉलेज छात्रा को बनाया शिकार
इंदौर: इंदौर के पास महू में एक बार फिर सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपने दोस्त के साथ महू घूमने गई एक युवती को दो बदमाशों ने अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। आरोपियों ने युवती के दोस्त के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर युवती के साथ गलत काम किया। मौका पाकर युवक किसी तरह वहां से बच निकला और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस अब हुलिए के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। संदेह है कि हमलावर महू के पास के ही किसी ग्रामीण इलाके के रहने वाले हो सकते हैं। पीड़ित युवती इंदौर में कॉलेज की छात्रा है और वह अपने दोस्त के साथ यहां आई थी। ये दोनों ही धार जिले के निवासी हैं। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ ही उसके बयान दर्ज कर लिए हैं और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि महू का यह इलाका पहले भी ऐसी गंभीर घटनाओं का गवाह रहा है। करीब डेढ़ साल पहले इसी क्षेत्र में दो सैन्य अधिकारियों के साथ घूम रही युवती के साथ भी सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इसके अलावा पांच साल पहले मेहंदी कुंड में हुई एक खौफनाक वारदात में बदमाशों ने दुष्कर्म के बाद युवक-युवती की हत्या कर दी थी और उनके शवों को खाई में छुपा दिया था, जिनके कंकाल पुलिस को छह महीने बाद मिले थे। पुलिस अब इस ताजा मामले में संदिग्धों की पहचान के लिए पुराने बदमाशों के फोटो भी पीड़िता को दिखा रही है।





