जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस-जन सहयोग पर जोर, साइबर जागरूकता और महिला सुरक्षा को मिली प्राथमिकता

57

जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस-जन सहयोग पर जोर, साइबर जागरूकता और महिला सुरक्षा को मिली प्राथमिकता

बड़वानी।पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा सेंधवा शहर के त्रिवेणी चौक पर “जनसंवाद एवं जनजागरूकता कार्यक्रम – आपकी बात, पुलिस के साथ” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने नागरिकों से सीधे संवाद कर सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और साइबर अपराधों से बचाव के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसडीओपी अजय वाघमारे, महिला अपराध एसडीओपी महेश सुन्नैया, डीएसपी नीलेश्वरी डावर सहित पुलिस के अन्य अधिकारी, शहर के प्रबुद्ध नागरिक, व्यापारी और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

*वरिष्ठ नागरिकों और प्रतिभाओं का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान समाज में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। अभिमन्यु टीम के उन सदस्यों को भी सम्मानित किया गया, जिनका चयन मध्य प्रदेश पुलिस में हुआ है।

IMG 20260424 WA0029

*समाजसेवी संस्थाओं और नगर सुरक्षा समिति की सराहना*
शहर की सक्रिय समाजसेवी संस्थाओं—आसरा फाउंडेशन और सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति—को उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

*महिला सुरक्षा के लिए विशेष पहल*
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए “निर्भया रक्षा शक्ति” अभियान के तहत थाना सेंधवा शहर को एक स्कूटी उपलब्ध कराई गई, जो शहर में नियमित गश्त कर सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। एसपी ने महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

*साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील*
डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसपी ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी साझा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में सूचना देने की सलाह दी।

*यातायात और सीसीटीवी पर जोर*
यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की गई। साथ ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया।

*नशामुक्ति और युवाओं की भूमिका*
युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों, विशेषकर खेलों से जुड़ने की प्रेरणा दी गई। एसपी ने कहा कि खेलों से अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है, जो युवाओं को अपराध से दूर रखती है।

*मौके पर समस्याओं का निराकरण*
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

*पुलिस अधीक्षक का संदेश*
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस और जनता दोनों की समान भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से जागरूक रहकर पुलिस का सहयोग करने की अपील की।