पतियों को बैठक से बाहर करने के आदेश पर विवाद, भोपाल जिला पंचायत बैठक हुई निरस्त

36

पतियों को बैठक से बाहर करने के आदेश पर विवाद, भोपाल जिला पंचायत बैठक हुई निरस्त

 

भोपाल।भोपाल में जिला पंचायत की शुक्रवार को प्रस्तावित बैठक ऐन वक्त पर रद्द कर दी गई। अब यह बैठक 29 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। बैठक निरस्त होने के पीछे मुख्य वजह जिला पंचायत भोपाल की सीईओ इला तिवारी द्वारा जारी वह आदेश रहा, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि बैठक में केवल निर्वाचित सदस्य ही शामिल होंगे, उनके पति या अन्य परिजन नहीं।

विभागीय सूत्रों की मानें तो इस आदेश को लेकर महिला जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली। कई सदस्यों ने इसे अपमानजनक बताते हुए विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए प्रस्तावित बैठक की जगह सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर लिया गया और औपचारिक बैठक को टाल दिया गया।

गौरतलब है कि यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले हुई जिला पंचायत की बैठक में भी इसी मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ था। ऐसे में जैसे ही एक दिन पहले महिला सदस्यों ने सीईओ का आदेश देखा तो विरोध स्वरूप बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस विवाद को देखते हुए कल होने वाली साधारण सभा की बैठक को निरस्त करना ही बेहतर समझा।

अधिकारियों का कहना है कि अगली बैठक में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और केवल अधिकृत सदस्यों की ही उपस्थिति रहेगी। वहीं, कुछ जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस मुद्दे पर पहले संवाद होना चाहिए था, ताकि विवाद की स्थिति न बने। फिलहाल सभी की नजरें 29 अप्रैल को होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां एक बार फिर यह मुद्दा गरमा सकता है।