मध्य प्रदेश में घटिया सड़क निर्माण पर 2 इंजीनियरों को नोटिस, ठेकेदार को किया ब्लैकलिस्ट, 31 निर्माण कार्यो में सुधार के निर्देश

35

मध्य प्रदेश में घटिया सड़क निर्माण पर 2 इंजीनियरों को नोटिस, ठेकेदार को किया ब्लैकलिस्ट, 31 निर्माण कार्यो में सुधार के निर्देश

भोपाल: मध्यप्रदेश में लोक निर्माण विभाग के ठैकेदारों द्वारा कराए जा रहे घटिया निर्माण की कलई जांच में खुल रही है। चीफ इंजीनियरों के सात दल औचक निरीक्षण पर निकले तो पन्ना जिले में गुनौरगंज-चंदला मार्ग की सड़क का निर्माण घटिया पाया गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है वहीं इस सड़क को बनाने वाले ठेकेदार मेसर्स साई इंफ्राटेक को ब्लैक लिस्टेड किया गया है।

निरीक्षण के दौरान अन्य 31 निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता और निर्माण में कमियां मिली है। इनमें सुधार करने के निर्देश इंजीनियरों और ठेकेदारों को दिए गए है।

लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर माह दल बनाकर औचक निरीक्षण किया जाता है। इस महीने भी मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा हरदा, मंडला, ग्वालियर, इंदौर, सतना, देवास एवं पन्ना जिलों में औचक निरीक्षण किया गया। कुल 35 निर्माण कार्यों का रैंडम आधार पर चयन कर परीक्षण किया गया।

निरीक्षित कार्यों में 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल), 6 कार्य पीआईयू (भवन), 7 कार्य म.प्र. सड़क विकास निगम तथा 1 कार्य म.प्र. भवन विकास निगम से संबंधित थे। निरीक्षण दलों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा म.प्र. सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव और विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंताओं द्वारा की गई। पन्ना जिले में गुनौरगंज-चंदला मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा ठेकेदार मेसर्स साई इंफ्राटेक को काली सूची में डालने के लिये निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अन्य 31 कार्यों में आंशिक सुधार के निर्देश जारी किए गए।

सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण प्रतिवेदनों में दी गई अनुशंसाओं का पालन करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। आगामी निरीक्षण से पूर्व के निरीक्षणों के लंबित बिंदुओं का पूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।