ग्वालियर से शुरू होगा भाजपा का जिला प्रशिक्षण अभियान, मंत्रियों, विधायकों और सांसद को करना होगा रात्रि विश्राम

34

ग्वालियर से शुरू होगा भाजपा का जिला प्रशिक्षण अभियान, मंत्रियों, विधायकों और सांसद को करना होगा रात्रि विश्राम

भोपाल: भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अब नए चरण में प्रवेश करने जा रहा है। प्रदेशभर के जिलों में इसअभियान की औपचारिक शुरूआत 3 मई से ग्वालियर शहर से होने जा रही है। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग होगा, जिसका उद्घाटन क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल करेंगे, जबकि समापन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। संगठन द्वारा चलाए जा रहे इस महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और व्यवहारिक रूप से सशक्त बनाना है। ग्वालियर में आयोजित होने वाले पहले प्रशिक्षण वर्ग को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहीं से पूरे प्रदेश के जिला स्तरीय कार्यक्रमों की दिशा तय होगी।

इस प्रशिक्षण में प्रदेश सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ नेता बतौर विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे।

प्रशिक्षण महाभियान के प्रदेश संयोजक विजय दुबे ने बताया कि ग्वालियर प्रशिक्षण वर्ग में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह, लाल सिंह आर्य, गोविंद पाराशर, नरेंद्र बिरथरे, निशान खरे सहित कई वक्ता विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। ये सभी नेता संगठन की विचारधारा, सरकार की योजनाओं, कार्यशैली और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के तरीकों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। खास बात यह है कि इस वर्ग में शामिल होने वाले सभी बड़े नेताओं को प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम भी करना होगा, ताकि वे कार्यकर्ताओं के साथ अधिक समय बिताकर संवाद स्थापित कर सकें।

महाअभियान के तहत प्रदेश के सभी संगठनात्मक 61 जिलों में 3 मई से 31 मई तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। पार्टी संगठन ने इसके लिए व्यापक तैयारी की है और हर जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण का विस्तृत कार्यक्रम तय किया गया है। इसमें बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार और विपक्ष के मुद्दों का जवाब जैसे विषय शामिल हैं।

गौरतलब है कि इस अभियान को लेकर 22 अप्रैल को इंदौर में प्रदेश स्तरीय वक्ताओं का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया था, जिसमें दिनभर गहन प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के बाद ये प्रशिक्षित वक्ता अब जिलों में जाकर को प्रशिक्षण देंगे। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में एक समान और प्रभावी प्रशिक्षण दिया जा सके। भाजपा का दावा है कि प्रदेश में पहले ही 1313 मंडलों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे किए जा चुके हैं। अब जिला स्तर पर यह दूसरा और अधिक व्यापक चरण शुरू हो रहा है।