
Blind Murder: दामाद ने ही की सास की हत्या; आभूषण के लालच में मार डाला!
छतरपुर: जिले के थाना गुलगंज क्षेत्र में धसान नदी किनारे मिली वृद्ध महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे दामाद ने ही आभूषण और पैसों के लालच में की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को देवरी जंगल स्थित धसान नदी किनारे एक वृद्ध महिला का शव मिला था। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान भंती कुशवाहा के रूप में हुई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की अंतिम लोकेशन, CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतका के दामाद 42 वर्षीय मूलचंद कुशवाहा निवासी सटई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।
थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी की नजर मृतका के चांदी के जेवरों पर थी। उसने अपनी सास को इलाज के बहाने छतरपुर ले जाने की बात कहकर घर से निकाला, लेकिन मुख्य मार्ग के बजाय जंगल के रास्ते ले गया। कुर्रा गांव के पास धसान और कटान नदी के बीच सुनसान जगह पर उसने पत्थर से हमला कर सास की हत्या कर दी और फरार हो गया।
परिजनों को शुरुआत में संदेह नहीं हुआ, क्योंकि महिला अक्सर अपनी अन्य बेटियों के यहां कई दिनों के लिए जाती रहती थी। इसी वजह से गुमशुदगी पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया।
बताया गया कि मामले की निगरानी पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी रोहित अलावा के मार्गदर्शन में टीम ने इस अंधे हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।





