CG Weather Report: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदला,आगामी 5 दिनों तक अंधड़ और बारिश की चेतावनी

अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया विशेष अलर्ट 

181

CG Weather Report: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदला,आगामी 5 दिनों तक अंधड़ और बारिश की चेतावनी!

विनोद काशिव की रिपोर्ट 

CG Weather Report: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच आज मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग द्वारा आगामी 5 दिनों तक अंधड़ और बारिश की चेतावनी दी गई है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अंधड़ और बारिश की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।

अगले 24 घंटों के लिए विभाग ने विशेष अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव का मुख्य कारण ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का प्रभाव है, जिससे नमी आ रही है और बादल बन रहे हैं।

मौसम में आए इस बदलाव के बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में ही पारे में 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा चुकी है। बीते दिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें चारामा में 30 मिमी और गरियाबंद में 10 मिमी वर्षा हुई। वर्तमान में राजनांदगांव 41 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

राजधानी रायपुर में भी आज मौसम का असर दिखेगा। शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से गरज-चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार बने रहेंगे। नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।