भाजपा नेता से बदसलूकी, TI लाइन अटैच, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड   

426

भाजपा नेता से बदसलूकी, TI लाइन अटैच, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड 

 

इंदौर: इंदौर के महू नाका चौराहे पर शुक्रवार को भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे के साथ हुई बदसलूकी को लेकर क्षेत्र के नगर निरीक्षक (TI) को लाइन अटैच कर दिया गया है। इसी के साथ इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड किया गया है ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा हेलमेट नहीं पहनने पर चालान बनाने के नाम पर नेता को रोकने और बहस के दौरान झल्लाने से मामला तूल पकड़ गया। इस घटना में थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया, जबकि सूबेदार लक्ष्मी और कांस्टेबल शेखर को निलंबित किया गया है।

बताया गया है कि पुलिस और भाजपा नेता के बीच हुए विवाद के बाद कुछ ही देर में भाजपा नेता के फोन करने पर चौराहे पर 200 से अधिक कार्यकर्ता एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोककर चक्का-जाम भी कर दिया, जिससे चौराहे से जुड़े पांच मार्गों पर लंबी कतारें लग गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जबकि भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के प्रतिनिधि प्रणय चित्तौड़ा ने अफसरों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। थोड़ी देर बाद चक्का-जाम समाप्त हुआ और कार्यकर्ता लौट गए।

शेंडगे ने कहा कि महू नाका पर रोजाना वाहन चालकों को जांच के बहाने रोका जाता है। कई वाहन चालक घंटों खड़े रहते हैं और चालान बनने का इंतजार करते हैं। इससे लोगों को दफ्तर और संस्थानों तक पहुंचने में देर होती है और लोग अनावश्यक जांच की शिकायत बार-बार उनके पास लाते हैं।