Donors’ Service Inspires Others : रेडक्रॉस के नवीन कार्यालय, एम्बुलेंस एवं हेल्पलाइन का शुभारंभ!

111

Donors’ Service Inspires Others : रेडक्रॉस के नवीन कार्यालय, एम्बुलेंस एवं हेल्पलाइन का शुभारंभ!

Ratlam : भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला द्वारा शहर के गुलाब चक्कर स्थित नवीन भवन में नवीन कार्यालय, आधुनिक एम्बुलेंस एवं हेल्पलाइन सेवा का शुभारंभ सेवा, सहयोग एवं सामाजिक समर्पण के प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।शुरुआत भारत माता एवं रेडक्रॉस संस्थापक हेनरी ड्यूनांट के चित्र पर माल्यार्पण एवं रेडक्रॉस मंत्र वाचन के साथ हुई। मंत्र वाचन राजेश रांका द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी थे।अध्यक्षता निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने की। विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं दानदाता विकास सरदारमल छाजेड़, जयंतीलाल डांगी एवं हीरालाल डांगी उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से यह सेवा प्रकल्प समाज को समर्पित हो सका।

WhatsApp Image 2026 05 10 at 16.38.33 1

स्वागत उद्बोधन में रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया ने कहा कि रेडक्रॉस की हर सेवा के पीछे समाज के दानदाताओं का विश्वास, संवेदनशीलता और सहयोग सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब समाज का सक्षम वर्ग जरूरतमंदों के लिए आगे आता है, तभी सेवा के नए द्वार खुलते हैं। उन्होंने दानदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनका योगदान केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा का संकल्प है।

WhatsApp Image 2026 05 10 at 16.38.32

उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस द्वारा एम्बुलेंस सेवा, ब्लड बैंक, जनऔषधि केंद्र, चिकित्सा प्रशिक्षण, वृद्धाश्रम, दवाई दुकान एवं सोनोग्राफी सेंटर जैसी अनेक सेवाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही रतलाम में शीघ्र कैंसर कीमो सेंटर प्रारंभ करने की मांग भी शासन के समक्ष रखी गई। प्रितेश गादिया ने 2 नई घोषणाएं करते हुए बताया कि सरकारी एवं निजी अस्पतालों में दवाई संग्रहण केंद्र प्रारंभ किए जाएंगे तथा “रेडक्रॉस सेवा संकुल” का निर्माण कर युवाओं एवं बच्चों को सेवा संस्कारों से जोड़ा जाएगा।

WhatsApp Image 2026 05 10 at 16.38.32 1

मुख्य अतिथि हिम्मत कोठारी ने कहा कि सेवा और दान भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। समाज में वे ही लोग वास्तविक प्रेरणा बनते हैं जो अपने संसाधनों का उपयोग जनकल्याण के लिए करते हैं। उन्होंने दानदाताओं एवं रेडक्रॉस टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में संवेदना और सहयोग की भावना मजबूत होती है। निगम अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि रेडक्रॉस आज समाज के लिए विश्वास का केंद्र बन चुका है और दानदाताओं की सकारात्मक भागीदारी से संस्था निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।

दानदाता विकास छाजेड़ एवं जयंतीलाल डांगी ने अपने उद्बोधन में पूर्व रेडक्रॉस अध्यक्ष स्व. महेंद्र गादिया को याद करते हुए उनकी सेवाओं को नमन किया तथा समाज के सक्षम लोगों से सेवा कार्यों में आगे आने की अपील की। नेत्रदान एवं सामाजिक सहयोग करने वाले हार्दिक मेहता, अक्षय संघवी, राजेश माहेश्वरी एवं कुसुम मूणत का सम्मान किया गया।

WhatsApp Image 2026 05 10 at 16.38.34

अतिथियों का स्वागत रेडक्रॉस के चेयरमैन प्रितेश गादिया, वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया, संचालक मंडल सदस्य अशोक जैन लाला, हेमंत मूणत, सुनील पारीख, दिनेश बरमेचा, राजेश रांका, डॉ सुलोचना शर्मा, सचिव मानस पुरोहित द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, जूनियर रेडक्रॉस के सुभाष कुमावत, जय तलेरा, अनिल झालानी, बबीता श्रीवास्तव सहित नेत्रम संस्था, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, जैन सोशल ग्रुप, सेवा भारती, दोस्ती फाउंडेशन, सनातन सोशल ग्रुप, सिंधी समाज, माहेश्वरी समाज एवं सकल जैन श्रीसंघ के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।नवीन कार्यालय, एम्बुलेंस एवं हेल्पलाइन उपकरणों का उद्घाटन अतिथियों, संचालक मंडल एवं दानदाताओं द्वारा भारतीय परंपरा अनुसार कुमकुम-अक्षत लगाकर एवं फीता खोलकर किया गया।संचालन मनोहर जैन ने तथा डॉ. सुलोचना शर्मा द्वारा राष्ट्रगान एवं सचिव मानस पुरोहित द्वारा आभार व्यक्त किया!