शादी के दिन युवती की शादी तुड़वाने वाला प्रेमी गिरफ्तार, जेल भेजा, फोटो-वीडियो ससुराल भेजकर बिगाड़ा रिश्ता

154

शादी के दिन युवती की शादी तुड़वाने वाला प्रेमी गिरफ्तार, जेल भेजा, फोटो-वीडियो ससुराल भेजकर बिगाड़ा रिश्ता

छतरपुर: शादी वाले दिन युवती के निजी फोटो और वीडियो उसकी होने वाली ससुराल भेजकर रिश्ता तुड़वाने के मामले में गढ़ीमलहरा पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती के साथ प्रेम संबंधों का फायदा उठाकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश अहिरवार पिता विष्णु अहिरवार उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मनकारी थाना महाराजपुर के रूप में हुई है। कार्रवाई गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह और उनकी टीम ने की।

शादी वाले दिन भेजे थे फोटो और वीडियो..

पीड़ित युवती और उसके परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि युवती की शादी तय हो चुकी थी और विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान आरोपी अखिलेश अहिरवार ने युवती के साथ पुराने प्रेम संबंधों से जुड़े निजी फोटो और वीडियो उसकी होने वाली ससुराल पक्ष को भेज दिए।

परिजनों का आरोप है कि फोटो और वीडियो सामने आने के बाद ससुराल पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे परिवार को सामाजिक और मानसिक रूप से भारी आघात पहुंचा। घटना के बाद युवती ने गढ़ीमलहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज..

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कानूनी मेडिकल और डॉक्टरी परीक्षण सोमवार को कराया जाएगा।

युवती के परिजनों ने मांगी कड़ी सजा..

युवती और उसके परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी ने जानबूझकर युवती की जिंदगी और सम्मान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है।

– जांच और कार्यवाही जारी..

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।