Bhopal News: राजधानी में 3 साल में खपाए गए लाखों के नकली नोट, नकली नोटों के साथ गिरफ्तार हुआ MBBS डॉक्टर

1.40 लाख की फर्जी करेंसी जब्त

88

Bhopal News: राजधानी में 3 साल में खपाए गए लाखों के नकली नोट, नकली नोटों के साथ गिरफ्तार हुआ MBBS डॉक्टर

भोपाल। कोहेफिजा इलाके में पकड़े गए नकली नोटों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि करीब तीन साल यानी 2024 से सैफुल राजधानी के अलग-अलग स्थानों पर नकली नोट खपा रहा है। इस दौरान उसने लाखों रुपए के नोट शहर में खपाए हैं। वह हर दो-तीन महीने में बंगाल जाकर वहां से नकली नोट लाकर शहर में खपाता था। वहीं, कोहेफिजा थाना पुलिस की एक टीम नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करने के लिए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के लिए रवाना हो गई है। पुलिस यहां पर नकली करेंसी को लेकर पड़ताल करेगी कि ये नोट बंगाल से भोपाल कैसे लाए जाते थे।

इसके अलावा, आरोपी सैफुल इस्लाम पिता अनवर उल इस्लाम (25) के दोस्त को भी पुलिस हिरासत में लेगी, ताकि नकली नोट के गिरोह के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताता है और लंबे समय से भोपाल में रहकर फर्जी नोट बाजार में खपाने का काम कर रहा था। उनसे विदेश से एमबीबीएस की डिग्री ली है और वह भोपाल में गुलमोहर में एक किराए के मकान में रहकर यह गोरखधंधा चलाता था। पुलिस के अनुसार बुधवार को मुखबिर से सूचना पर सैफिया कॉलेज मैदान के पास से सैफुल इस्लाम पिता अनवर उल इस्लाम को पकड़ा गया था। उसके बैग की तलाशी लेने पर अलग-अलग सीरीज के नकली नोट बरामद हुए। साथ ही एक आईफोन और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया है। फिलहाल कोर्ट ने पुलिस को सैफुल को सात दिन की रिमांड पर भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में देशभर में सक्रिय नकली नोट गिरोह और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी विचारधारा या संगठित नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।