
इंदौर में वेल्डिंग के दौरान एक के बाद एक 4 धमाके के बाद पांच बसों में लगी आग,लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं
नवलखा इलाके के तीन इमली क्षेत्र में सोमवार सुबह इंदौर की अवैध पार्किंग में वेल्डिंग के दौरान बड़ा हादसा हुआ। पांच बसों में लगी भीषण आग। आग की लपटें आसमान को चीरती हुई करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान चार जोरदार धमाके हुए, जो गैस सिलेंडर फटने जैसे लग रहे थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बस में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान बस में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में यह आस-पास खड़ी चार अन्य बसों तक फैल गई। हादसे के समय वहां 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों और चालकों ने तुरंत हटाकर बड़े नुकसान से बचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, हादसे के समय मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आनन-फानन में सभी बसों को उनके स्थान से हटाया गया। हालांकि, जबतक संबंधित बस के नजदीक खड़ी पांच बसों ने भी आग पकड़ ली थी। वहीं, आसपास रिहायशी बस्ती होने की वजह से लोगों में सनसनी फैल गई। इलाके के लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क पर खड़े हो गए।
हमेशा बना रहता है खतरा- वार्ड पार्षद
रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। सुनवाई नहीं होने से हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
घटना पर विरोध जताते हुए पार्षद मनीष शर्मा मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा- जब तक बसें यहां से नहीं हटाई जातीं, साथ ही पार्किंग समस्या का पूरी तरह से समाधान नहीं निकलता, तबतक वो धरने पर ही बैठे रहेंगे।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मामले को लेकर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया का कहना है कि, हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले में अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसपर उचित कार्रवाई की जाएगी।





