मंदसौर के एनसीसी कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन से जीता सभी का दिल – डॉ. क्षितिज पुरोहित

राष्ट्रीय स्तर बेसिक वॉटर स्पोर्ट्स कोर्स का समापन हिमाचल में हुआ 

95

मंदसौर के एनसीसी कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन से जीता सभी का दिल – डॉ. क्षितिज पुरोहित

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट 

मंदसौर/ हिमाचल के कांगड़ा में 14 दिवसीय बेसिक वॉटर स्पोर्ट्स कोर्स का सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम अप्रैल से 13 मई 2026 तक चले अटल बिहारी वाजपेई पर्वतारोहण संस्थान, मनाली के डायरेक्टर अविनाश नेगी के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित महाराणा प्रताप सागर बांध (पोंग डैम) पर रीजनल वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर द्वारा आयोजित किया गया। कोर्स का संचालन सेंटर इंचार्ज (कार्य प्रभारित) दीपक ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस प्रतिष्ठित कोर्स में मंदसौर के सेंट थॉमस विद्यालय ट्रूप नंबर 157 के 18 एनसीसी कैडेट्स ने मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया। इस प्रशिक्षण शिविर में तेलंगाना एवं उत्तर प्रदेश डायरेक्टरेट के एनसीसी कैडेट्स ने भी सहभागिता की।

मंदसौर के छात्र सैनिकों ने एनआईएस कोच संजीव कुमार चौधरी के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में सहयोगी स्टाफ विक्रांत भाटिया, सुदर्शन राणा (बिट्टू), अश्विनी कुमार एवं कविता पठानिया का विशेष योगदान रहा।

14 दिनों तक चले इस कठिन एवं रोमांचकारी प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सेलिंग, विंड सर्फिंग, वाटर स्कीइंग, राफ्टिंग, कयाकिंग, स्विमिंग, स्कीइंग रोलिंग, मॉर्निंग एक्सरसाइज, स्टिल वॉटर कयाकिंग, स्विमिंग तथा ऊंचाई से पानी में कूदने जैसे साहसिक प्रशिक्षण दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का विशेष रूप से पालन किया गया।

IMG 20260513 WA0022

प्रशिक्षक संजीव सिंह चौधरी ने बताया कि मंदसौर के कैडेट्स ने अत्यंत लगन, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में सामान्यतः 18 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर डिवीजन एनसीसी कैडेट्स प्रशिक्षण लेने आते हैं, किंतु इस बार जूनियर डिवीजन मंदसौर मध्य प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन कैडेट्स की 500 मीटर कयाकिंग, 1500 मीटर लाइफ जैकेट स्विमिंग एवं 200 मीटर बिना लाइफ जैकेट स्विमिंग की परीक्षा ली गई। साथ ही लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई।

IMG 20260513 WA0023

समापन अवसर पर पोंग डैम ट्रेनिंग सेंटर इंचार्ज दीपक ठाकुर ने ग्रेजुएशन सेरेमनी में सभी छात्र सैनिकों को बैज लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि बच्चे कम उम्र में सही मार्गदर्शन एवं जीवन उपयोगी प्रशिक्षण प्राप्त करें तो वे अपने लक्ष्य को जल्दी प्राप्त कर सकते हैं।

ग्रुप इंचार्ज दीपक ठाकुर ने बताया कि बेसिक कोर्स सीनियर नमन व्यास ने लीडरशिप की, साथ ही पूरे कोर्स में बेस्ट ट्रेंनिंग का अवार्ड सीएसएम पार्थ पालीवाल को मिला, सभी कैडेट्स की रिजल्ट शीट मनाली मुख्यालय भेजी जाएगी, जहां से प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। जिन छात्र सैनिकों को 75 प्रतिशत अल्फा ग्रेडिंग प्राप्त होगी, वे एडवांस एवं इंटरमीडिएट कोर्स के लिए क्वालिफाई माने जाएंगे।

IMG 20260513 WA0024

मंदसौर से कोर्स लेकर गए कैप्टन जितेंद्र कनौजिया (ट्रूप कमांडर), स्काउट अधिकारी ललित कुमार परमार एवं लेफ्टिनेंट पुष्कर लाल चौधरी (उदयपुर, राजस्थान) ने भी पूरे समय बच्चों के साथ रहकर प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान किया तथा स्वयं भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस वॉटर स्पोर्ट्स कोर्स में मंदसौर के कैडेट्स का उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।

इस अवसर पर 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन मंदसौर के कमान अधिकारी कर्नल सुनील चीकोड़े एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश (भारतीय सेना), जिला माउंटेनियरिंग संगठन के संरक्षक डॉ. क्षितिज पुरोहित, कुलदीप सिंह सिसोदिया, पदेन अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग (आईएएस), पदेन उपाध्यक्ष एवं जिला अनुविभागीय अधिकारी शिवलाल शाक्य, पदेन उपाध्यक्ष एवं जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष एवं जिला एनसीसी अधिकारी मेजर विजय सिंह पुरावत, कार्यकारी उपाध्यक्ष सचिन जैन, विश्व मोहन अग्रवाल, राकेश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष एवं एनसीसी अधिकारी धीरज शुक्ला, सह सचिव जयनिश बरडिया, आदि ने छात्र सैनिकों को बधाई दी एवं उज्वल भविष्य की कामना की।