पुलिस भर्ती: लालफीताशाही के जाल से निकलेंगे 10 हजार पद, पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन जल्द

42

 

पुलिस भर्ती: लालफीताशाही के जाल से निकलेंगे 10 हजार पद, पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन जल्द

भोपाल: पिछले कई महीनों से लालफीताशाही की फाइलों में दबे पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन अब जल्द हो सकता है। वहीं वर्ष 2026 में दस हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का आदेश भी जारी होने जा रहा है। पुलिस से जुड़ी ये दोनों घोषणाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की है। अब तक यह दोनों ही घोषणाएं लेटलतीफी में उलझी हुई हैं। जून में इन दोनों महत्वपूर्ण घोषणाओं पर सरकार की अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

*फाइलों का सफर पूरा, अब निर्णय की बारी* 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 अगस्त को यह घोषणा की थी कि प्रदेश में पुलिस कर्मियों की भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड बनाया जाएगा। पुलिस भर्ती बोर्ड के गठन को लेकर पिछले साल ही पुलिस मुख्यालय ने प्रस्ताव शासन को भेज दिया था, तब से यह प्रस्ताव वहीं पर पेंडिंग बना हुआ है। इसी बीच मुख्यमंत्री ने पुलिस में दस हजार भर्ती करने की घोषणा कर दी थी। वर्ष 2026 की शुरूआत में पुलिस मुख्यालय ने दस हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा। इन दोनों घोषणाओं पर पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के बीच लगातार पत्राचार चलता रहा। अब माना जा रहा है कि यह पूरी प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में के एफ रुस्तमजी पुरस्कार वितरण समारोह में भर्ती की बात दोहराना इस बात का संकेत है कि सरकार अब इस पर जल्द ही निर्णय लेने जा रही है।

*अगले महीने बन सकता है भर्ती बोर्ड* 

वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह संभावना है कि मई या जून में प्रदेश पुलिस को भर्ती बोर्ड मिल जाएगा। इसके साथ ही 10 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी भी दे दी जाएगी। इसके बाद भर्ती की पूरी प्रक्रिया तय करने में 6 से 8 महीने तक लग सकते हैं, यानि जून में मंजूरी के बाद अगले साल की शुरूआत तक दस हजार पदों पर चयन हो सकेंगा। इसके बाद इन्हें ट्रैनिंग पर भेजा जाएगा। इधर पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों की जॉइनिंग प्रक्रिया मई अंत तक पूरी हो रही है, जिससे विभाग के पास नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए पर्याप्त समय और संसाधन उपलब्ध होंगे।