सार्थक एप पर हाजरी दर्ज नहीं कर रहा कॉलेजों का अमला, हाजरी नहीं तो वेतन मिलना होगा मुश्किल

36

सार्थक एप पर हाजरी दर्ज नहीं कर रहा कॉलेजों का अमला, हाजरी नहीं तो वेतन मिलना होगा मुश्किल

भोपाल : प्रदेश के सभी कॉलेजों के शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक स्टॉफ को सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है लेकिन मानीटरिंग में यह सामने आया है कि अधिकांश महाविद्यालयों में अप्रैल माह में सार्थक एप पर हाजिरी दर्ज करने वालों की संख्या काफी कम है।

उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यो को इसको लेकर फटकार लगाई है और कहा है कॉलेजों में सार्थक एप पर उपस्थिति नहीं पाई जाती है तो ऐसे अमले पर कार्यवाही करें। लेटलतीफ लोगों के वेतन निकलने के लिए क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक से अनुमोदन अब जरुरी होगा।

उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यो को निर्देशित किया है कि सार्थक एनेलिटिकल डैशबोर्ड के द्वारा सभी शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक संवर्ग की दैनिक एवं मासिक उपस्थिति की रिपोर्ट महाविद्यालय के प्राचार्य को उपलब्ध कराई जा रही है। सार्थक एप पोर्टल पर उपस्थिति की सतत मानिटरिंग संबंधित संस्था के प्राचार्य और अतिरिक्त संचालकों को नियमित करना है।

सार्थक एप पोर्टल द्वारा समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक संवर्ग की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि अधिकांश कॉलेजों की अप्रैल माह की मासिक प्रदर्शन रिपोर्ट कम पाई गई है। उन्होने सभी शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक संवर्ग के अधिकारी, कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि सार्थक एप के जरिए अपनी नियमित उपस्थिति दर्ज करे।

क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालकों को कहा गया है कि वे अपने क्षेत्र के अंतर्गत महाविद्यालयों की उपस्थिति की नियमित मॉनीटरिंग करें, यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी की नियमानुसार संतोषप्रद उपस्थिति नहीं पाई जाती है तो ऐसी दशा में हाजिरी दर्ज न करने वाले अमले पर कार्यवाही करें। किसी भी अधिकारी, कर्मचारी की सार्थक एप पर नियमित उपस्थिति नहीं पाई गई तो संबंधित का वेतन आहरण क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक के अनुमोदन के बाद ही निकाला जाएगा।