तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत

39

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत

 

छतरपुर: जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भदौरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक सतेंद्र यादव निवासी सोरखी कॉलोनी और सोबरन यादव निवासी झांकर बाइक से महरौनी से अपने गांव सोरखी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी मूंग की फसल के लिए कीटनाशक दवा खरीदने महरौनी गए थे। वापस लौटते समय बड़ागांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। घटना को लेकर परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा गया।

सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। वहीं गांव में दो युवकों की एक साथ मौत से शोक का माहौल बना हुआ है।