
Weather Update: बदलते मौसम का असर -पश्चिमी विक्षोभ से MP समेत कई राज्यों में 4 दिनों में गर्मी से छुटकारा, तेज़ बारिश की दरकार
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
अगले चार से पांच दिन में देश के उत्तर- पश्चिम, पूर्वी और मध्य राज्यों में गर्मी का रौद्र रूप ख़त्म होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के आने से हवाओं के तेज असर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आना शुरू हो जाएगी। इसी के साथ तेज़ बारिश की संभावनाएं भी रहेंगी।
लद्दाख के लेह में कल से बर्फ़बारी होगी। कश्मीर, हिमाचल में मौसम 36 से 48 घंटों में बदलेगा, यहाँ भी बारिश होगी। उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश और मैदानी इलाकों में बादल गरजेंगे। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान में भी 4 दिनों में मौसम बदलेगा, 6 से 8 डिग्री तापमान लुढ़केगा और बारिश होगी। आज भी यूपी, बिहार सहित उत्तर -पूर्वी राज्यों में तेज़ बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में भी चार दिन बाद मौसम में बदलाव आएगा और बादल- बारिश के बीच तापमान गिरने लगेगा। ग्वालियर में 45 से 40, जबलपुर में 44 से 40, भोपाल में 42 से 39 और इंदौर में 40 डिग्री के चलते 4 दिन बाद 38 डिग्री तापमान हो जायेगा। रात के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की कमी होगी। मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी भाग में बारिश की आज सम्भावना रहेगी।
छग में आज मध्य से दक्षिण भाग में तेज़ बारिश की सम्भावना है। महाराष्ट्र से लेकर दक्षिण राज्यों तक बादल छाये हुए हैं। महाराष्ट्र के पूर्वी हिस्से में गरज के साथ बारिश की सम्भावना रहेगी। महासागर में पूर्वी दिशा से बादलों की चाल पश्चिम की ओर बनी हुई है। केरल, कर्णाटक, आंध्रा और तेलंगाना में कई जगह भारी बारिश हो सकती है।





