
धार पोस्टिंग के नाम पर रिश्वत: मंडलेश्वर कॉलेज के सहायक प्राध्यापक 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
खरगोन: लोकायुक्त संगठन की इंदौर टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर के सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार, शिकायतकर्ता मनोज वास्केल ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उर्मिला वास्कले का चयन पीएससी के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। उनकी प्रारंभिक पदस्थापना दलौदा, मंदसौर में हुई थी। आरोप है कि सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी ने धार कॉलेज में पदस्थापना करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी अब तक 1 लाख रुपए ले चुका था और शेष 3 लाख रुपए की मांग कर रहा था। लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप योजना बनाई गई।

बुधवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया, जहां लोकायुक्त की टीम पहले से तैनात थी। शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपए की रिश्वत की किश्त लेते ही टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर की गई।
कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





