आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली जाना चाहते हैं छत्तीसगढ़, दूसरे राज्यों से दो नक्सलियों की MP में आने की चाह

44

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली जाना चाहते हैं छत्तीसगढ़, दूसरे राज्यों से दो नक्सलियों की MP में आने की चाह

भोपाल: मध्यप्रदेश में आत्मसमर्पण करने वाले एक दर्जन नक्सलियों को होम सिकनेस सताने लगी है। वे अपने गृह राज्य छत्तीसगढ़ वापस जाना चाहते हैं। समर्पण करने वाले नक्सलियों में से सिर्फ एक ही मध्य प्रदेश में रहना चाहता है। हाल ही में, जब पुलिस ने इन माओवादियों की इच्छा जानने के लिए उन्हें स्वैच्छिक घोषणा पत्र दिए, तो एक को छोड़कर बाकी सभी ने छत्तीसगढ़ लौटने की इच्छा जताई।

सूत्रों की मानी जाए तो उन्होंने तर्क दिया कि उनके रिश्तेदार और सगे-संबंधि छत्तीसगढ़ में रहते हैं, इसलिए उनके लिए समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होना वहां पर ज्यादा आसान होगा। हालांकि, अब यह दोनों राज्यों की सरकारों पर निर्भर करता है कि प्रदेश सरकार उन्हें वहां भेजती है या नहीं वहीं छत्तीसगढ़ सरकार पर यह निर्भर करता है कि वह आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को वहां रहने की अनुमति देगी या नहीं। वहीं एक मात्र नक्सली जो बालाघाट का रहने वाला है, मध्य प्रदेश में ही रहना चाहता है।

दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ में आत्म समर्पण करने वाली संगीता और महाराष्ट्र में आत्मसमर्पण करने वाला संतु दोनों ही मध्य प्रदेश में वापस लौट सकते हैं। दोनों ही बालाघाट जिले के रहने वाले बताए जाते हैं।

बताया जाता है कि मध्य प्रदेश में आत्मसमर्पण करने वालों को प्रदेश की आत्म समर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ भी वितरित कर दिए गए हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खातों में लगभग 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं। लाभ देने की प्रक्रिया जारी है और यह काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

वहीं इन सभी को रोजगार से जोड़ने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रशिक्षण दिया है, ताकि उन्हें मजदूरी आधारित रोजगार या स्व-रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके। उनकी व्यक्तिगत रुचि के आधार पर, उन्हें सिलाई से लेकर वाहन चलाने जैसे विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया गया है।

राज्यों की बैठक में हो सकता है निर्णय

विभिन्न राज्यों में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को मुख्यधारा में लाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए, जल्द ही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक होने वाली है। इस बैठक में उन माओवादियों को आपसी सहमति से स्वीकार करने पर चर्चा की जाएगी, जिन्होंने अपने मूल राज्य के बजाय किसी अन्य राज्य में आत्मसमर्पण किया है।