
Tragic Road Accident: लेह-लद्दाख यात्रा पर निकले क्रिकेटर और रेस्टोरेंट कारोबारी की दर्दनाक मौत, हाईवे पर कार के उड़े परखच्चे
बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक युवा क्रिकेटर और रेस्टोरेंट व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार कई बार पलटने के बाद सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई और उसके परखच्चे उड़ गए।
सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी सिंह चोगड़े ने बताया कि दुर्घटना जामली गांव के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। कार डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन में पहुंच गई और तीन से चार बार पलटते हुए सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में अनिकेत काले (28) और बद्रीनाथ नांगरे (30), दोनों निवासी संभाजीनगर (महाराष्ट्र), की मौत हो गई। घायल भूषण (25) निवासी पुणे तथा ओंकार (26) निवासी संभाजीनगर को सेंधवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

पुलिस के मुताबिक चारों दोस्त धार्मिक यात्रा पर निकले थे और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद लेह-लद्दाख जाने की योजना थी। लेकिन उनकी यह रोमांचक यात्रा बड़वानी जिले में दर्दनाक हादसे में बदल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक अनिकेत काले संभाजीनगर के क्लब क्रिकेट जगत का जाना-पहचाना चेहरा था और स्थानीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में सक्रिय भूमिका निभाता था। वहीं बद्रीनाथ नांगरे होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े थे तथा उनका बार और रेस्टोरेंट का कारोबार था। घायल भूषण मिनरल वाटर निर्माण व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि ओंकार मेडिकल स्टोर संचालक हैं।
हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गयी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को आई झपकी को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.





