मंदसौर के राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वीकृत हुआ एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रम

नवीन शिक्षण सत्र में 30 - 30 सीटें स्वीकृत की

49

मंदसौर के राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वीकृत हुआ एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रम

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन ( AICTE ) के मेंबर सेक्रेटरी प्रो श्यामा रथ के हस्ताक्षर से जारी आदेश में 21 मई को राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर में पी जी प्रोफेशनल कोर्स एमबीए और एमसीए के लिए 30 – 30 सीटें स्वीकृत की गई है ।
इसके लिए महाविद्यालय प्रबंधन जन भागीदारी समिति द्वारा लगातार प्रयास किए गए थे और अब नवीन शिक्षण सत्र में दोनों पाठ्यक्रम में प्रवेश किए जा सकेंगे ।
जनभागीदारी प्रबंधन समिति पूर्व अध्यक्ष श्री नरेश चंदवानी ने बताया कि स्वीकृति पत्र 1 जून सोमवार को विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के माध्यम से मंदसौर महाविद्यालय को प्राप्त हुआ है ।

राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की जनभागीदारी के पूर्व अध्यक्ष नरेश चंदवानी ने बताया कि लम्बी विभागीय प्रक्रिया के बाद मंदसौर कॉलेज को यह उपलब्धि मिली है। अब मंदसौर के कमजोर वर्ग के छात्र छात्राएं भी एमबीए, एमसीए जैेसे प्रोफेशनल कोर्स बेहद नाम मात्र की फीस में करके अपना भविष्य बना सकेगे।

श्री चंदवानी ने बताया कि पूर्व में जनभागीदारी के प्रयासों से बीबीए 180 और बीसीए 180 सीटों पर कोर्स महाविद्यालय में संचालित हो रहे थे अब मास्टर डिग्री के रूप में एमबीए और एमसीए की स्वीकृति भी मिल गई इससे जिले भर के विद्यार्थियों में खुशी की लहर है।
अभी दोनों कोर्स के लिए 30 – 30 सीटें आवंटित हुई है। इस बडी उपलब्धि को देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केन्द्रीय उच्च शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, चेयरमेन सीतारमण , उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, पूर्व विधायक यशपालसिंह सिसौदिया का आभार व्यक्त किया है।

IMG 20260601 WA0185

महाविद्यालय प्राचार्य प्रो ज्योति स्वरूप दुबे ने बताया कि मंदसौर कॉलेज विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से संबद्ध है और आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है इस आधार पर नवीन शिक्षण सत्र में प्रोफेशनल पी जी कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होगी

IMG 20260601 WA0186

लंबे समय से की गई मांग स्वीकृत होने पर छात्र संगठनों, विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कॉलेज में बधाई देते हुए आशा जताई है कि मंदसौर जिले एवं समीपी क्षेत्र के युवाओं को कंप्यूटर एवं मैनेजमेंट एजुकेशन का लाभ मिलेगा । उल्लेखनीय है कि 1955 में बड़े आंदोलन के बाद मंदसौर में कॉलेज खोला गया था और अब लीड कॉलेज में स्थापित है और उज्जैन के बाद सबसे अधिक विद्यार्थी ओर सबसे अधिक पाठ्यक्रम शिक्षा यहां उपलब्ध है ।