कट मारने के विवाद में युवक को कार से कुचला, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV वीडियो आया सामने; आरोपी फरार  

610

कट मारने के विवाद में युवक को कार से कुचला, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV वीडियो आया सामने; आरोपी फरार

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बलवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क पर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर कट मारने को लेकर हुए विवाद के बाद एक कार चालक ने कथित रूप से दूसरे युवक को अपनी कार से कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें कार चालक युवक को टक्कर मारकर दूर तक घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना कुरावत गांव स्थित गुरुद्वारे के समीप हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उज्जैन जिले के नरवल निवासी चंदन गोयल अपने साथियों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार और दूसरे वाहन के बीच ओवरटेकिंग तथा कट मारने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दोनों पक्ष आगे बढ़ गए थे, लेकिन कुछ दूरी पर दोबारा आमना-सामना होने पर कहासुनी और बढ़ गई।

IMG 20260606 WA0020

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान कार चालक ने गुस्से में वाहन को चंदन गोयल की ओर मोड़ दिया और उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन कार की चपेट में आ गया और कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल को उसके साथियों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार चालक को कथित रूप से जानबूझकर युवक को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

बलवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार मालिक का नाम साबिर खान सामने आया है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

घायल चंदन गोयल के साथ यात्रा कर रहे कमलेश राठौर ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम समीर खान बताया था। उनके अनुसार आरोपी ने दो बार वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे चंदन को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी कार चालक को ढूंढा जा रहा है.