
Badwani News: चलती यात्री बस पर पथराव, चालक-क्लीनर समेत 6 घायल
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक निजी यात्री बस पर पथराव किए जाने से चालक, क्लीनर सहित छह लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार इंदौर से मुंबई जा रही एक निजी ट्रेवल्स की बस जब जुलवानिया के बाजार फाटा क्षेत्र के समीप पहुंची, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे दुपहिया वाहन सवार अज्ञात व्यक्तियों ने बस के सामने पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से बस का मुख्य अगला कांच टूट गया और उसके टुकड़े केबिन में जा गिरे, जिससे चालक, क्लीनर तथा अन्य यात्रियों सहित कुल छह लोग घायल हो गए।
जुलवानिया थाना प्रभारी सौरभ बाथम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि घटना के समय 23 सीटर बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे।
बस चालक श्यामलाल ने बताया कि पथराव इतना जोरदार था कि बस के आगे के दोनों कांच क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कांच के टुकड़े किसी यात्री की आंख में नहीं लगे। उन्होंने कहा कि सौभाग्य से बस असंतुलित नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बस में सवार यात्री फरहा ने बताया कि अचानक हुए पथराव से बस में अफरा-तफरी मच गई और सभी यात्री भयभीत हो गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।





