मंदसौर के प्रसिद्ध अष्टमुखी पशुपतिनाथ मंदिर में शीघ्र प्रारंभ होगी भोजनशाला

59

मंदसौर के प्रसिद्ध अष्टमुखी पशुपतिनाथ मंदिर में शीघ्र प्रारंभ होगी भोजनशाला

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट 

मंदसौर । विश्व प्रसिद्ध अद्वितीय अष्टमुखी श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर स्थित भोजनालय के संचालन हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। अब श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए श्री पशुपतिनाथ मंदिर के सामने स्थित मेघदूतम-कैफेटेरिया परिसर में संचालित भोजनशाला एवं कैंटीन में विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने विशेष रूचि लेकर भोजनालय कैंटीन टैंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई है। पहले कुछ वर्षों तक कैफेटेरिया में भोजन, अल्पाहार और पेय पदार्थ उपलब्ध होते थे किन्तु टैंडर अवधि समाप्त होने से बंद हो गया था।

अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने आनेवाले स्थानीय अन्य जिलों और राज्यों से श्रद्धालुओं, दर्शनार्थी को भोजन, नाश्ता आदि खाद्य पदार्थ नहीं मिल रहे थे और सबकी मांग रही कि भोजनालय शीघ्र चालू हो ।

 

उल्लेखनीय है कि अब मंदिर परिक्षेत्र में पशुपतिनाथ लोक विकसित किया गया है और इसके लोकार्पण के साथ आकर्षण बढ़ा है और दर्शनार्थी श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है फिर सिंहस्थ पर्व उत्सव 2028 की तैयारी भी चल रही है। प्रदेश सरकार ने मंदसौर जिले को भी उज्जैन सिंहस्थ पर्व 28 परिक्षेत्र में रखा है इसका लाभ मिलेगा । राजस्थान गुजरात दिल्ली हिमाचल आदि राज्यों से जुड़े श्रद्धालु बड़ी संख्या में पशुपतिनाथ, महाकाल और ओंकारेश्वर आदि स्थानों पर दर्शनों के लिए पहुंचते हैं । तीर्थ पर्यटन स्थल के रूप में मंदसौर पशुपतिनाथ महादेव मंदिर विकसित किया जा रहा है ।

IMG 20260611 WA0103

पशुपतिनाथ मंदिर में नए सिरे से आरंभ होने वाले आहार केंद्र मेघदूतम कैफेटेरिया भोजनशाला में सामान्य भोजन थाली मात्र 60 रुपए में उपलब्ध होगी, जिसमें सब्जी, दाल, चावल, 4 रोटी, सलाद, पापड़, अचार एवं रायता शामिल रहेगा। इसके अतिरिक्त विशेष भोजन के रूप में कढ़ी-चावल, दाल-चावल एवं राजमा-चावल की एक-एक प्लेट 40 रुपए में उपलब्ध कराई जाएगी।

IMG 20260611 WA0093

भोजन के साथ अतिरिक्त सामग्री के रूप में रोटी 5 रुपए प्रति नग, बटर रोटी 8 रुपए प्रति नग, पापड़ 5 रुपए तथा ग्रीन सलाद 20 रुपए में उपलब्ध रहेगा।

कैंटीन में चाय 10 रुपए, कॉफी 12 रुपए, लस्सी 20 रुपए, छाछ 10 रुपए तथा दही 20 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम एवं विभिन्न प्रकार के शेक एमआरपी दरों पर उपलब्ध रहेंगे।

IMG 20260611 WA0092

नाश्ते की श्रेणी में समोसा एवं कचोरी 10-10 रुपए, आलू पराठा 20 रुपए, खमन 30 रुपए, उपमा 40 रुपए, इडली-सांभर 50 रुपए, प्लेन डोसा 50 रुपए, मसाला डोसा 60 रुपए, पाव भाजी 60 रुपए तथा छोले भटूरे 60 रुपए में उपलब्ध रहेंगे।

IMG 20260611 WA0091

भोजनालय एवं कैंटीन के प्रारंभ होने से पशुपतिनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं नाश्ते की सुविधाएं उचित एवं निर्धारित दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी।

सभी आवश्यक तैयारियों के साथ संभावना है कि आगामी जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में भोजनशाला शुरू होगी ।