राजा भोज एयरपोर्ट के 12 साल: यात्रियों की संख्या 4 गुना बढ़ी, 1 जुलाई से नोएडा के लिए सीधी उड़ान

35

राजा भोज एयरपोर्ट के 12 साल: यात्रियों की संख्या 4 गुना बढ़ी, 1 जुलाई से नोएडा के लिए सीधी उड़ान

भोपाल।  राजधानी के राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने विकास और यात्री सुविधाओं के मामले में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है। एयरपोर्ट अपने संचालन के 12 वर्ष पूरे कर रहा है और इस अवसर पर 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ मनाया जाएगा। पिछले एक दशक में एयरपोर्ट ने यात्री संख्या, विमान संचालन और उड़ानों के नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

वर्ष 2014 में जहां भोपाल एयरपोर्ट से सालाना करीब 4.16 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, वहीं अब यह संख्या चार गुना बढ़कर 15.81 लाख से अधिक पहुंच गई है। इसी तरह, विमान संचालन की संख्या भी 5300 से बढ़कर 14500 से अधिक हो गई है। एक समय ऐसा था जब भोपाल से केवल 5 उड़ानें संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में प्रतिदिन 32 उड़ानें विभिन्न शहरों के लिए संचालित की जा रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार भोपाल अब देश के प्रमुख महानगरों और व्यावसायिक केंद्रों से सीधे या कनेक्टिंग उड़ानों के माध्यम से जुड़ चुका है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ एयरपोर्ट पर हर महीने लगभग डेढ़ लाख यात्रियों की आवाजाही हो रही है।

दो सप्ताह बाद भोपाल से नोएडा का सीधा संपर्क

वहीं, शहरवासियों के लिए एक और बड़ी सौगात 1 जुलाई से मिलने जा रही है। इस दिन से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर) के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। इसके साथ ही भोपाल से सीधे हवाई संपर्क वाले शहरों की संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी।

एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास भी तेज गति से चल रहे हैं। दुबई और जेद्दा के लिए सीधी उड़ान शुरू करने को लेकर सकारात्मक प्रगति हुई है और उम्मीद है कि वर्ष 2026 के अंत तक इन दोनों अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो सकती हैं।