
रायपुर में हुई 10 लाख रुपए की लूट का खुलासा, कंपनी का ऑफिस बॉय ही निकला मास्टरमाइंड
विनोद काशिव की रिपोर्ट
रायपुर। रायपुर में सेरीखेड़ी में ओवरब्रिज के पास हुई 10 लाख की लूट का पुलिस ने 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। लूट की साजिश कंपनी के कर्मचारी ने ही रची थी। मुख्य आरोपी दिनेश राव को गिरफ्तार कर 9.70 लाख नकद, स्कूटर और मोबाइल जब्त किया गया है।
*ऐसे हुई थी वारदात*
16 जून को निर्माण कंपनी का कर्मचारी विद्यासागर डहरिया समता कॉलोनी ऑफिस से 10 लाख नकद लेकर बाइक से नवा रायपुर सेक्टर-26 जा रहा था। इसी दौरान सेरीखेड़ी-नवा रायपुर मार्ग पर ओवरब्रिज के पास दो बाइक सवारों ने चाकू दिखाकर बैग लूट लिया। इस मामले में मंदिर हसौद थाने में केस दर्ज हुआ।
दिनेश 2022 से कंपनी में काम कर रहा था। उसे कैश ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी थी। एक महीने पहले उसने भाई और उसके साथी के साथ लूट का प्लान बनाया। घटना के दिन लोकेशन देकर विद्यासागर का पीछा कराया। सुनसान रास्ते में चाकू की नोक पर लूट की।लूट के बाद तीनों अमलेश्वर में मिले। दिनेश ने 9.70 लाख रूपये अपने पास रखे, साथियों को 30-30 हजार रुपये दिए। पुलिस ने दिनेश के पास से 9.70 लाख नकद, सुजुकी बर्गमैन स्कूटर CG 04 QK 6037 और मोबाइल जब्त किया। बरामद की कुल कीमत 10.80 लाख है।
गिरफ्तार आरोपी: दिनेश राव, 22 वर्ष, निवासी ग्राम सिरौलमू, छत्तरपुर बरमपुर, गंजाम, ओडिशा। हाल पता: चौबे कॉलोनी, रायपुर। दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए दबिश जारी है।
पुलिस ने कहा है कि कंपनी की अंदरूनी जानकारी का दुरुपयोग कर योजनाबद्ध लूट की गई थी। CCTV और सर्विलांस से 24 घंटे में वारदात का खुलासा हो गया।




