
Triple Murder Case में 3 आरोपियों को तिहरा आजीवन कारावास, चौथे आरोपी का पूर्व में इनकाउंटर!
Ratlam : शहर के थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर में छोटी दीपावली की रात में 1 ही परिवार के 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव के न्यायालय ने विनोबा नगर निवासी अनुराग 23 उर्फ बाबी पिता प्रवीण सिंह परमार, रेलवे कालोनी निवासी गोलु 29 उर्फ गौरव पिता राजेश बिलवाल तथा लाला पिता मनु उर्फ भरत उर्फ भारता भाबोर जेसावाड़ा ग्राम अभलोड़ लिम्बू फलिया, दाहोद, गुजरात को 3-3 हत्याओं के लिए अलग-अलग कारावास से दंडित किया। इस मामले का चौथा आरोपी दिलीप देवल गिरफ्तारी के दौरान पुलिस इनकाउंटर में मार दिया गया था।
अपर लोक अभियोजक समरथ पाटीदार ने बताया कि 25 नवम्बर 2020 की रात्रि में राजीव नगर निवासी गोविन्द सोलंकी, उनकी पत्नी शारदा सोलंकी और पुत्री दिव्या सोलंकी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुबह मकान के निचले हिस्से में किराए से रहने वाली नर्स ज्वेलिका को अपनी स्कूटी घर के सामने दिखाई नहीं दी थी तो वह ऊपर पहुंची थी वहां कमरे में तीनों के शव खून से लथपथ पड़े हुए थे। इसके बाद पुलिस की जांच के दौरान क्षेत्र में और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटैज खंगालें गए थे जिसमें सामने आया था कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद ज्वेलिका की सफेद स्कूटी लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद इंद्रा नगर निवासी नूरी गेस्ट हाउस के संचालक गुंजन प्रजापति ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दिलीप देवल और अनुराग उर्फ बाबी की पहचान की थी।
पूछताछ में अनुराग ने अपने साथियों दिलीप देवल, लाला भाबोर और गोलू उर्फ गौरव बिलवाल के साथ मिलकर हत्या करना कबूला, इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वाहन, कपड़े, जेवरात और अन्य सामग्री को जब्त की। अभियोजन और न्यायालय में 111 भौतिक वस्तुएं और 210 दस्तावेज प्रस्तुत किए गए तथा 33 गवाहों के बयान कराएं गए। डीएनए और बैलेस्टिक जांच सहित वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने तीनों आरोपियों को तिहरा आजीवन कारावास की सजा सुनाई अपर लोक अभियोजक समरथ पाटीदार ने बताया कि तीनों आरोपी 2 दिसम्बर 2020 से जेल में बंद हैं!





