
गांधीसागर बांध की सुरक्षा का ठेका 39 प्रतिशत कम दर पर
भोपाल: अभी तक गलाकाट प्रतिस्पर्धा के चलते निर्माण कार्यो के ठेके ही ठेकेदार बिलो रेट पर ले रहे थे लेकिन अब तो प्रदेश के बांधों की सुरक्षा भी ठेकेदार कम दरों पर ले रहे है। इस बार मध्यप्रदेश के गांधी सागर बांध की सुरक्षा चौकियों पर सुरक्षा प्रदाय करने के लिए ठेकेदार ने 39 प्रतिशत कम दर पर ठेका लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंदसौर जिले में गांधी सागर बांध की सुरक्षा चौकियों पर बारह महीने के लिए सुरक्षा प्रदाय किए जाने के लिए टेंडर जारी किए गए थे। इसमें सांवरिया इंटरप्राइजेज मंदसौर ने लेबर कमिश्नर इंदौर के द्वारा एक अप्रैल 2026 को स्वीकृत दर पर प्राक्कलित राशि 53 लाख 14 हजार से 39 प्रतिशत कम पर मात्र 32 लाख 41 हजार 853 रुपए में लेने का प्रस्ताव दिया है।
अधीक्षण यंत्री प्रोक्योरमेंट स्तरीय निविदा मूल्यांकन समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इस अनुबंध के लिए ठेका राशि का पांच प्रतिशत परफारमेंस सिक्योरिटी ठेकेदार से जमा कराई जाएगी। अनुबंध के पूर्व ठेकेदार से जलसंसाधन विभाग के आदेश के तहत अतिरिक्त परफारमेंस सिक्योरिटी भी जमा कराई जाएगी। कार्य हेतु बजट एवं सभी स्वीकृति सक्षम अधिकारी से प्राप्त हो और प्राप्त स्वीकृति के अनुरुप ही कार्य संपादित कराया जाएगा। निर्धारित माईलस्टोन्स को अनुबंध का अंश बनाया जाएगा। वित्त विभाग के नियमों का पालन अनिवार्य होगा और अनुबंध के पहले ठेकेदार का मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी वैध पंजीयन की प्रति और शपथ पत्र, अतिरिक्त शपथ पत्र, पावर आफ अटार्नी, ज्वाइंट वेंचर अनुबंध सहित वांछित एवं निविदा अंतर्गत प्रभावी दस्तावेजों की मूल प्रति अनिवार्य रुप से जमा कराई जाकर पूर्ण जांच और आनलाईन प्रस्तुत दस्तावेजों से मिलान भी किया जाएगा। अधीक्षण यंत्री प्रोक्योरमेंट ने गांधी सागर बांध के कार्यपालन यंत्री को इस संबंध में निर्देश जारी किए है।





