
पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के आवास पर चोरी
पटना: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के आवास पर चोरी की घटना सामने आई है। तेजप्रताप के 42 हार्डिंग रोड़ स्थित आवास पर हुई चोरी का आरोप सहयोगी मोतीलाल राय पर लगाया गया है। इसे लेकर सचिवालय थाना में इससे संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के आवास पर हुई चोरी की शिकायत मिलने के बाद सचिवाल थाना पुलिस हार्डिंग रोड़ स्थित आवास पहुंची और मामले की जांच शुरू की। तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि 22 जून को उनके घर की आलमारी से पार्टी फंड के लिए रखे गए 20 लाख रुपये की राशि चोरी हो गई। इसके साथ ही 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की चार पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो का लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन चोरी हुई है।





