WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

अपेक्स बैंक में 18.13 करोड़ का घोटाला : 3 कर्मचारी बर्खास्त, 5 आउटसोर्स कर्मियों की भी नौकरी गई 

39

अपेक्स बैंक में 18.13 करोड़ का घोटाला : 3 कर्मचारी बर्खास्त, 5 आउटसोर्स कर्मियों की भी नौकरी गई 

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन की जांच में पाया गया कि अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच शाखा के कर्मचारियों ने समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों में अनाधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया।

इस मामले में बैंक प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।अपेक्स बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाखा बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कर्मचारियों द्वारा समितियों के खातों को नामे कर डीएमआर खातों के माध्यम से नियम विरुद्ध ट्रांजेक्शन किए गए। साथ ही केसीसी खातों से भी अनधिकृत रूप से राशि अंतरण कर करीब 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया।

मामले में शामिल कुल 8 कर्मचारियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। बैंक प्रबंधन ने विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच के बाद दोषी पाए गए तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल शामिल हैं। इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को भी नौकरी से बाहर कर दिया गया है। बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी। बताया गया है कि कि मामले की जांच के लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है और एजेंसी जल्द ही जांच शुरू करेगी।

अपेक्स बैंक के अनुसार वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने के बाद बैंक के लाभ में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में बैंक ने 38.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये हो गया है।