
इंदौर से लापता एरिया सेल्स मैनेजर का शव नर्मदा नदी में मिला, मंदसौर में पदस्थ SP नारकोटिक्स के पति थे मृतक!
खरगोन: मध्य प्रदेश के इंदौर से सोमवार रात लापता हुए एक एरिया सेल्स मैनेजर का शव बुधवार दोपहर खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान इंदौर के राजेंद्र नगर निवासी 50 वर्षीय निशांत जोशी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी मंदसौर जिले में एसपी नारकोटिक्स के पद पर पदस्थ हैं।
मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि निशांत जोशी का शव गांधीनगर क्षेत्र के समीप नर्मदा नदी में मिला। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
पुलिस के अनुसार, निशांत जोशी इंदौर की एक पेट्रोकेमिकल कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और सोमवार शाम से लापता थे। उनकी कंपनी की कार उसी रात मंडलेश्वर स्थित नर्मदा पुल पर खड़ी मिली थी।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को शराब की एक बोतल, दो बैग और डॉ. विवेक जोशी के नाम एक हस्तलिखित नोट मिला। डॉ. विवेक जोशी इंदौर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं और मृतक के चचेरे भाई बताए गए हैं। नोट में डॉ. विवेक जोशी और उनकी पत्नी से निशांत जोशी ने अपनी पुत्री का हर तरह से ध्यान रखने का अनुरोध किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन से एक फाइल भी बरामद हुई, जिसमें यह उल्लेख था कि निशांत जोशी मानसिक रोग विशेषज्ञ से उपचार ले रहे थे।
नोट में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क किए जाने के बाद डॉ. विवेक जोशी एवं निशांत जोशी की पत्नी मंगलवार सुबह मंडलेश्वर पहुंचे। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका थी कि निशांत जोशी ने नर्मदा नदी में छलांग लगाई है इसलिये एसडीआरएफ की टीम को सर्च अभियान में लगाया गया, लेकिन मंगलवार को उनका कोई पता नहीं चल सका।
तिवारी ने परिजनों के हवाले से बताया कि निशांत जोशी पूर्व में भी बिना सूचना दिए घर से चले जाते थे, इसलिए इस बार उनकी गुमशुदगी को लेकर शुरुआत में अधिक चिंता नहीं की गई थी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।





