WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

धार के नन्हे शटलर अंडर-13 ऑल इंडिया विजेता ईशमित अरोरा का सम्मान समारोह आयोजित

धार के नन्हे शटलर अंडर-13 ऑल इंडिया विजेता ईशमित अरोरा का सम्मान समारोह आयोजित

गोपाल खंडेलवाल की रिपोर्ट

धार: धार जिला बैडमिंटन एसोसिएशन एवं धार लिटिल शटलर वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार शाम 5:30 बजे घोड़ा चौपाटी स्थित राजा देवीसिंह हॉल में अंडर-13 ऑल इंडिया विजेता नन्हे शटलर ईशमित अरोरा के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के खेलप्रेमियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

मुख्य अतिथि कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने कहा

“आज इन बच्चों के बीच आकर मुझे भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई दे रहा है। जिस उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ ये खिलाड़ी मेहनत कर रहे हैं, वह निश्चित रूप से देश का नाम रोशन करेगा। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन की सबसे बड़ी पाठशाला है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो सफलता अवश्य मिलती है। प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।”

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा “खेल युवाओं को सही दिशा देता है। बैडमिंटन जैसे खेल बच्चों में धैर्य, संयम, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती विकसित करते हैं। मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर यदि बच्चे खेल को अपना साथी बनाएंगे तो वे अच्छे खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक भी बनेंगे। ईशमित की उपलब्धि पूरे जिले के बच्चों के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।”

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री ने कहा “धार हमेशा से बैडमिंटन की नर्सरी रहा है। यहां से कई खिलाड़ियों ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। आज ईशमित अरोरा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। मैदान छोटा हो या बड़ा, सुविधाएं सीमित हों या अधिक—यदि खिलाड़ी मन से जीतने का संकल्प ले ले, तो विजय निश्चित होती है। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में धार से और भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकलेंगे।”

कोच सुधीर वर्मा ने कहा कि

“किसी भी चैंपियन के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास छिपा होता है। ईशमित ने कठिन अभ्यास, समय की पाबंदी और सीखने की ललक से यह मुकाम हासिल किया है। मैं सभी बच्चों से कहना चाहता हूं कि हार से कभी घबराएं नहीं। हर हार आपको जीत के और करीब ले जाती है। जो खिलाड़ी रोज स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करता है, वही एक दिन चैंपियन बनता है।”

समारोह में ईशमित अरोरा का पुष्पमालाओं, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव सलीम शेख ने माना।

इस अवसर पर शमशेर सर, गोपाल खंडेलवाल सहित एसोसिएशन के सदस्य, खिलाड़ी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। समारोह का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।