
महिला आरक्षक से शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म
भोपाल: मिसरोद इलाके में एक महिला आरक्षक से शादी करने का झांसा देकर युवक करीब आठ साल से उसकी अस्मत लूट रहा था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय पीड़िता महिला आरक्षक है। 2018 में उसकी मुलाकात ट्यूशन में पढ़ाई के दौरान आरोपी सुमित रिझारिया से हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी और फिर एक दिन आरोपी युवक ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद से वह लगातार पीड़िता का अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसका शोषण कर रहा था। अभी कुछ दिन पहले ही आरोपी युवक ने शादी करने का इंकार करते हुए उससे फोन पर बातचीत भी बंद कर दी थी।
उसकी करतूतों से तंग आकर पीड़िता कल थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। अभी तक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





