
MP News: चलती बाइक पर मौत बनकर गिरा आम का विशाल पेड़, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत
दमोह से महेंद्र परिहार की रिपोर्ट
दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में जबलपुर निवासी दंपति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आशीष जैन (48 वर्ष) एवं उनकी पत्नी पिंकी जैन (लगभग 45 वर्ष) कुंडलपुर से एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने निवास जबलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान करौंदी–पड़रिया मार्ग पर कृष्णा पेट्रोलियम के समीप सड़क किनारे खड़ा एक विशाल आम का पेड़ अचानक चलती बाइक पर भरभराकर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल दमोह भिजवाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस आम के पेड़ के गिरने से यह हादसा हुआ, उसके तने के नीचे पिछले कई दिनों से आग सुलग रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि आग के कारण पेड़ अंदर से कमजोर हो गया था और इसी वजह से वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में भी जामुन का पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हुई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की अनदेखी पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत परासई से लेकर तेजगढ़, करौंदी और हर्रई मार्ग तक कई पुराने और खतरनाक पेड़ सड़क किनारे खड़े हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खतरनाक पेड़ों को हटाया जाता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े जर्जर एवं जोखिमपूर्ण पेड़ों का तत्काल सर्वे कर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





